प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने सभी जिला अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की तथा जिले में आगामी दिनों में किये जाने वाले विकास कार्यो के संबंध में चर्चा की। उन्होने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हरदा जिला क्षेत्रफल में छोटा है परन्तु यहां विकास की संभावनाएं बहुत है। उन्होने कहा कि जिले में किसी भी विकास कार्य के संबंध में अधिकारी निसंकोच चर्चा कर सकते है।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जिले की सभी सड़को के किनारे वृक्षारोपण का कार्य अभियान के तौर पर किया जाये। उन्होने कार्यपालन यंत्री आरईएस को निर्देशित किया कि वे पुराने तालाबों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से करवाएं। राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त करवाएं। उन्होने कहा कि जिले में 47 नई गौशालाएं स्वीकृत की गई है। इसके अलावा जिला प्रशासन स्थानीय स्तर पर प्रत्येक पंचायत में एक गौशाला बनाने का प्रयास करें। इसके लिये गॉंव की चरनोई भूमि का उपयोग करें। उन्होने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि वे जिले में नहरों के किनारे फलदार वृक्ष लगाने के संबंध में कार्ययोजना तैयार करें। उन्होने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि वे खिरकिया विकासखण्ड के ग्राम जयमलपुरा से खण्डवा जिले को जोड़ने के लिये पातल नदि पर पूल बनाने का स्टीमेट तैयार करें।
मंत्री श्री पटेल ने बताया कि भारत सरकार द्वारा प्रदेश के एक ब्लॉक में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शतप्रतिशत विद्युत पंप सौर उर्जा से चलाने की योजना लाई गई है। इसके तहत जिले के खिरकिया विकासखण्ड का नाम प्रस्तावित किया गया है। उन्होने कहा कि मोरंड-गंजाल परियोजना पूर्ण होने पर हरदा जिला शतप्रतिशत सिंचित हो जायेगा। उन्होने उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया कि किसानों को अधिक से अधिक ड्रिप इरीगेशन अपनाने के लिये प्रेरित करें। उन्होने महाप्रबन्धक प्रधानमंत्री सड़क योजना को जिले में सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये। उन्होने श्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति संबल योजना के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र जैन, कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री मनीष अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री दिलीप कुमार यादव, डीएफओ श्री लालजी मिश्रा, श्री अमरसिंह मीणा सहित प्रशासकीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।