
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गरीब कल्याण रोजगार योजना अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अभियान अंतर्गत नियोजित किए गए 25 विभिन्न कार्यों में निर्धारित लक्ष्यों में प्राप्त हुई प्रगति के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और प्रवासी श्रमिकों को उनके कौशल के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराएं। उन्होने कहा कि कोरोना महामारी के कारण जिले के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को रोजगार प्रदान करने के लिए इस अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाना जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ केन्द्र सरकार द्वारा दिए गए लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया।
उल्लेखनीय है कि 20 जून 2020 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस अभियान का शुभारंभ किया गया था। यह अभियान छतरपुर सहित 6 राज्यों के 116 जिलों में चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के साथ ही श्रमिकों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। बैठक में सभी संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।