कलेक्टर ने किया दैखल खदान के केज कल्चर का निरीक्षण

Advertisement

(अनुपपुर) कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने  अनूपपुर जिले के दैखल खदान में मत्स्य विभाग के माध्यम से बजरंग स्व सहायता समूह द्वारा संचालित केज कल्चर गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने केज कल्चर की स्टोरेज प्रणाली, स्मार्ट फिश पालन, नर्सरी संचालन एवं एक सीजन में होने वाले मत्स्य उत्पादन की विस्तृत जानकारी सहायक संचालक मत्स्य से प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान बजरंग स्व सहायता समूह की अध्यक्ष ने कलेक्टर को जानकारी दी कि दैखल खदान में कुल 14 केज स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 12 केजों में मत्स्य पालन तथा 2 में नर्सरी संचालन किया जा रहा है। नर्सरी में मछलियों के बच्चों का पालन किया जाता है। उन्होंने अवगत कराया कि समूह द्वारा प्रतिवर्ष लगभग 30 मेट्रिक टन मछली का उत्पादन किया जाता है, जिसे स्थानीय बाजार में बेचा जाता है। जिसे कलेक्टर ने 100 मेट्रिक टन तक बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री पंचोली ने शारदा स्व-सहायता समूह के सदस्यों की संख्या की जानकारी भी प्राप्त की। जिस पर कलेक्टर को अवगत कराया गया कि समूह में लगभग 10 सदस्य सक्रिय रूप से मत्स्य पालन कार्य में संलग्न हैं। कलेक्टर ने इस गतिविधि की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को आजीविका के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि आसपास के अन्य इच्छुक ग्रामीणों को भी इस कार्य से जोड़ा जाए।

केज कल्चर के लिए सुविधाओं की मांग, कलेक्टर ने दिए आश्वासन  

इस दौरान मत्स्य पालकों ने केज कल्चर के संचालन हेतु आवश्यक सुविधाओं जैसे नाव, विद्युत आपूर्ति, संसाधन एवं प्रशिक्षण की मांग कलेक्टर के समक्ष रखी। इस पर कलेक्टर श्री पंचोली ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं ताकि मत्स्य पालकों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। कलेक्टर ने जिले के अन्य निष्क्रिय केज कल्चर इकाइयों को इससे जोड़ने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण क्षेत्र में स्व-रोजगार का मजबूत माध्यम है, जिसे और सशक्त बनाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा, सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री संदीप शुक्ला, जिला परियोजना अधिकारी एनआरएलएम श्री शशांक प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं केज कल्चर एवं स्व सहायता समूह से जुड़े सदस्य उपस्थित थे।

 

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें