(सतना) समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में लोक सेवा केन्द्र और समाधान एक दिवस सेवाओं की समीक्षा में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि लोक सेवा केन्द्र के लिए विहित प्राधिकृत अधिकारी अपने निर्धारित दिवस पर लोक सेवा केन्द्र में बैठकर प्रकरणों का निस्तारण करेंगे। विसंगति पूर्ण स्व घोषणा के अनुसार तर्क संगत प्रमाण पत्र नहीं जारी करने वाले प्राधिकृत अधिकारियों पर विभागीय जांच संस्थित कर कडी कार्यवाही की जायेगी। सोमवार को संपन्न समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीना, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, प्रभारी अपर कलेक्टर सुधीर बेक, एसडीएम मझगवां महिपाल सिंह गुर्जर, जीतेन्द्र वर्मा, आरएन खरे, राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, सोमेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर बीके मिश्रा, सहित विभाग प्रमुख अधिकारी एवं जनपद पंचायत के सीईओ तथा नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।कलेक्टर ने कहा कि जिले में 9 लोक सेवा केन्द्र संचालित है और इनमें समाधान एक दिवस के तहत प्राधिकृत अधिकारी द्वारा समय-सीमा में सुसंगत प्रमाण पत्र सेवाओं के लिए जारी किये जाने का महत्वपूर्ण दायित्व है। लोक सेवा में आवेदकों द्वारा यदि तर्क संगत स्व घोषण नहीं की जाती है तो प्राधिकृत अधिकारी इसका परीक्षण कर सुसंगत प्रमाण पत्र ही अपने डिजिट सिग्नेचर के साथ जारी करें। भविष्य में विसंगतिपूर्ण प्रमाण पत्र जारी करने वाले प्राधिकृत अधिकारी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। स्वतंत्रता दिवस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि इस अवसर पर पुरूस्कृत होने वाले व्यक्तियों, शासकीय कर्मियों की सूची नाम और उपलब्धियों की टिप्पणी के साथ आज शाम तक उपलब्ध कराये। समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में अंतरविभागीय मुद्दों पर सतना-रीवा रेल लाईन दोहरीकरण कार्य के लिए भू-अर्जन संबंधी समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि बगहाई, कोठार, सतरी कोठार, पैपखरा, मनकहरी, बम्हौरी, बठिया एवं खारी गांवों में शेष किसानों एवं भू-स्वामियों को मूल अवार्ड और अतिरिक्त 5 लाख रूपये की राशि वितरण करने एसडीएम रामपुर बघेलान कैम्प का आयोजन करें। भूमि आवंटन संबंधी मामलों में संबंधित विभाग प्रतिवेदन आनलाइन दर्ज करायें।
कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में बनने वाले फिश पार्लर का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये। सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग की स्थिति की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी ग्रेडिंग में डी श्रेणी से कम से कम बी श्रेणी तक आने का प्रयास करें। इसके लिए 50 दिवस से अधिक की शिकायतें बंद कराये और प्रकरणों में 70 प्रतिशत तक संतुष्टिपूर्ण तरीके से प्रकरणों का निराकरण कराये। कलेक्टर ने एल वन अधिकारी स्तर पर बडी संख्या में लंबित शिकायतों वाले अधिकारियों से वन-टू-वन समीक्षा की और कहा कि अगले 2-3 दिनों में प्रगति लायें तीन दिन बाद पुनः समीक्षा की जायेगी।
सीईओ जिला पंचायत संजना जैन ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार तीन चरणों में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता-स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग अभियान चलाया जायेगा। इसमे प्रथम चरण में 2 से 8 अगस्त तक वातावरण निर्माण की गतिविधियां, द्वितीय चरण में 9 से 12 अगस्त तक व्यापक प्रचार-प्रसार, ध्वज की उपलब्धता, जागरूकता के कार्यक्रम होंगे। अभियान के तृतीय चरण में 13 से 15 अगस्त तक घर, कार्यालय, वाहन पर तिरंगा लगाने की गतिविधियों का आयोजन होगा। इस अभियान में सभी विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। नगरीय क्षेत्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान के दौरान विविध गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा।