“श्रद्धालुओं को मिले स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण” – महापौर सूरी
(कटनी) भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर शनिवार को नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख मंदिरों सत्य नारायण मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, खाटू श्याम मंदिर गायत्री नगर सहित नगर के अन्य कृष्ण मंदिरों में विशेष व्यवस्थाएं की गई। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए निगम ने मंदिर परिसरों सहित पहुंच मार्गों में विशेष साफ-सफाई, कीटनाशक दवा का छिड़काव, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतज़ामों की व्यवस्था भी की गई।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के निर्देशानुसार निगम अमले ने मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया। गंदगी और कचरे की त्वरित निकासी की गई, वहीं श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण और निर्बाध आवागमन मिले इसके लिए स्वच्छता दूत एवं हांका गैंग के अतिरिक्त कर्मचारी भी तैनात किए गए।
निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे द्वारा इस संबंध में पूर्व में जारी आदेशानुसार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर और आसपास पेयजल टैंकर से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के साथ ही बिजली विभाग के सहयोग से प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया गया ताकि देर रात तक चलने वाले धार्मिक आयोजनों में किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ प्रबंधन को देखते हुए नगर निगम ने यातायात विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पार्किंग की व्यवस्था कराई।
“जन्माष्टमी पर्व पर नगर निगम का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके और नागरिक बिना किसी असुविधा के भक्तिमय वातावरण में पर्व का आनंद लें सकें।”
