दधिकाँदो महोत्सव की व्यवस्थाओं हेतु निगमायुक्त श्री दुबे ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व
(कटनी) प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शहर में 71 वाँ दधिकाँदो महोत्सव रविवार 17 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा।जिसमें भगवान श्री मुरली मनोहर जी की शोभायात्रा सायंकाल 5 बजे, श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर सुक्खन चौक, खेरमाई मंदिर, के.पी. संस चौराहा, घंटाघर, गर्ग चौराहा, हीरागंज, वेंकटेश मंदिर, गोल बाजार रामलीला मैदान, कमानिया गेट हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, जवाहर चौक से होते हुये लक्ष्मीनारायण मंदिर वापस पहुंचेगी।
निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे ने शोभायात्रा के दौरान साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल, रोड मरम्मत आदि नगर निगम द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओ हेतु आदेश जारी कर अधिकारी कर्मचारियों को दायित्व सौंपे हैं।
निगमायुक्त श्री दुबे द्वारा जारी आदेश के अनुसार शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण कर रोड के गड्ढों की आवश्यक मरम्मत कराए जाने हेतु प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। वहीं विशेष साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग,कीटनाशक दवा छिड़काव इत्यादि हेतू प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक व वार्ड दरोगा को दायित्व सौंपे है।इसी अनुसार शुद्ध पेयजल हेतु उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव को दायित्व सौंपते हुए सभी अधिकारी कर्मचारी को सौंपे हुए दायित्व को समय पर पूर्ण किए जाने हेतु निर्देशित किया है।
