बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत सशक्त वाहिनी अभियान के तहत निःशुल्क कक्षाओं का शुभारम्भ
(विदिशा) संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने आज विदिशा आगमन के अवसर पर रवीन्द्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन, विदिशा आयोजित कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत सशक्त वाहिनी अभियान के तहत बालिकाओं हेतु निःशुल्क कक्षाओं का शुभारम्भ किया गया। अतिथियों द्वारा इस अवसर पर बालिकाओं को पाठ्य पुस्तक सामग्री का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग विदिशा, श्रीमती विनीता लोढ़ा ने जानकारी दी कि अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर पुलिस भर्ती, में चयन के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन, अध्ययन एवं शारीरिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
गौरतलब हो कि निःशुल्क कोचिंग क्लास का संचालन आज दोपहर 3 बजे से पुलिस कंट्रोल रूम, पुलिस लाइन विदिशा में प्रारंभ किया गया, जिसमें प्रशिक्षकों द्वारा प्रथम क्लास ली गई। साथ ही श्रीमती विनीता लोढ़ा स्वयं उपस्थित होकर बालिकाओं को प्रेरणा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया है।
