जिला स्तरीय कला उत्सव संपन्न विद्यार्थियों ने दिखाया सांस्कृतिक कौशल
(मुरैना) शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरैना में जिला स्तरीय कला उत्सव हर्षाेल्लास के साथ गत दिवस संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुधीर कुमार सक्सेना, सहायक संचालक सुश्री वर्षा कोली एवं सहायक संचालक श्री गिर्राज परिहार की गरिमामयी में उपस्थिति में हुआ। संचालन की जिम्मेदारी डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने निभाई। निर्णायक मंडल में श्री रूपेंद्र सिंह तोमर, श्री राम भोग शर्मा, श्री नंदकिशोर पलिया एवं श्री राजेंद्र सोनी ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुधीर कुमार सक्सेना ने कहा कि जिले के बच्चों में कला एवं संस्कृति के प्रति गहरी रुचि देखकर हर्ष हो रहा है। यह मंच विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने का माध्यम बनेगा। सहायक संचालक सुश्री वर्षा कोली ने कला उत्सव की विषयवस्तु ’’विकसित भारत 2047 की परिकल्पना’’ पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कला उत्सव के माध्यम से विद्यार्थी न केवल अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करते हैं, बल्कि इसके साथ ही उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक व राष्ट्रीय चेतना का भी विकास होता है।
सहायक संचालक श्री गिर्राज परिहार ने कहा कि कला और शिक्षा का संगम ही विद्यार्थी को संपूर्ण व्यक्तित्व प्रदान करता है, इस प्रकार के आयोजन बच्चों को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। कार्यक्रम संचालक डॉक्टर राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि जिला स्तरीय कला उत्सव बच्चों की प्रतिभा का उत्सव है। यहां से चयनित विद्यार्थी संभागीय मंच पर भी निश्चित रूप से जिले का नाम रोशन करेंगे। प्रतियोगिता परिणाम में संगीत गायन एकल, संगीत गायन समूह, संगीत वादन एकल तंत्री, संगीत गायन एकल ताल वाद्य, संगीत वादन समूह, नृत्य एकल शास्त्रीय, नृत्य समूह तथा दृश्य कला द्वि आयामी में सबलगढ़ विकासखंड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नाटक समूह में कैलारस विकासखंड और दृश्य कला एकल एवं पारंपरिक कहानी वाचन में मुरैना विकासखंड प्रथम स्थान पर रहे। अंबाह, मुरैना, कैलारस एवं सबलगढ़ विकासखंडों के लगभग 50 प्रतिभागियों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता की।
