कसौधन वैश्य सभा के तत्वावधान में हुआ आयोजन, नगरवासियों में दिखा भारी उत्साह
महर्षि कश्यप ऋषि पंचमी पर निकली भव्य शोभायात्रा और वाहन रैली
(विजयराघवगढ़/ कटनी) कसौधन वैश्य सभा के तत्वावधान में इस वर्ष भी ऋषि पंचमी के पावन अवसर पर महर्षि कश्यप ऋषि जी की भव्य शोभायात्रा एवं वाहन रैली का आयोजन किया गया। आयोजन में गुप्ता समाज के सैकड़ों नर-नारी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर में युवाओं द्वारा निकाली गई बाइक रैली से हुई, जिसमें “महर्षि कश्यप ऋषि जी की जय” के उद्घोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रैली निकाली गई। रैली के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को सुचारु रूप से संचालित किया।

इसके पश्चात कसौधन वैश्य धर्मशाला से मुख्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में बैंड-बाजों और रंगारंग आतिशबाजी के साथ भाग लिया। डीजे की धुनों पर महिलाएं महर्षि कश्यप ऋषि जी की जीवन गाथा पर आधारित गीतों पर झूमती दिखीं।
शोभायात्रा के दौरान महर्षि कश्यप ऋषि जी की सुसज्जित झांकियों ने नगर भ्रमण किया। विभिन्न स्थानों पर गुप्ता समाज के सदस्यों द्वारा झांकियों की पूजा-अर्चना की गई, जिससे धार्मिक आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।नगरवासियों के सहयोग और पुलिस प्रशासन की तत्परता से यह आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
✍️ अभिमन्यु विश्वकर्मा
RPKP INDIA NEWS
कटनी

