खेल मैदान में शाम ढलते ही जमा हो जाता है असामाजिक तत्वों का डेरा, प्रतिदिन होती है शराबखोरी
तिलक चौक देवरी मुझगवां के रहवासी परेशान, कहा फैल रही अराजकता से बिगड़ रही क्षेत्र की फिजा
(कैमोर) कैमोर थाना अंतर्गत तिलक चौक देवरी मुझगवां के रहवासी असामाजिक तत्वों की कारगुज़ारी से परेशान हैं। यहां संचालित स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र के सामने ग्राम पंचायत के माध्यम से विकसित किए गए खेल मैदान को सुरा प्रेमियों ने शराबखोरी का अड्डा बना लिया है।
ग्राउंड में छलकते हैं जाम
स्थानीय लोगों ने समस्या जाहिर करते हुए कहा कि प्रतिदिन शाम ढलते ही खेल मैदान में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। लोगों ने बताया कि खेल मैदान में सुरा प्रेमियों का जमघट बैठता है और शराबखोरी होती है जिससे क्षेत्र की फिजा खराब हो रही है।
शराब पीने के बाद मैदान में तोड़ते हैं बोतलें
लोगों ने बताया कि शराब के नशे में धुत होकर सुराप्रेमियों द्वारा गाली गुप्तार भी की जाती है। हद तो इस बात की है कि शराब पीने के बाद असामाजिक तत्व शराब की शीशियां मैदान में ही तोड़कर बिखरा देते हैं जिससे वहां खेलने वाले बच्चों, युवाओं को कई बार चोटिल भी होना पड़ता है।

पुलिस को जानकारी देने के बाद भी नहीं लगा अंकुश
खेल मैदान में लगातार पनप रही अराजकता के संबंध में लोगों ने पुलिस को भी अवगत कराया लेकिन आलम ढाक के तीन पात ही हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में गंभीरता से कार्यवाही करने की मांग की है। यह भी बताया गया कि खेल मैदान लगातार अतिक्रमण का शिकार भी होता जा रहा है लेकिन इस मामले में प्रशासनिक तंत्र चुप्पी साधने की भूमिका निभा रहा है।
✍️ अजय त्रिपाठी
RPKP INDIA NEWS
विजयराघवगढ़
