पत्रकार संघ विजयराघवगढ़ का हुआ गठन, अजय त्रिपाठी अध्यक्ष एवं आशुतोष सराफ बने महामंत्री
पं. जागेश्वर प्रसाद मिश्रा संरक्षक नियुक्त, पत्रकारों के हितों की रक्षा को लेकर बनी रणनीति
(विजयराघवगढ़) विश्रामगृह विजयराघवगढ़ में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में विजयराघवगढ़ के पत्रकारों ने सर्वसम्मति से ‘पत्रकार संघ विजयराघवगढ़’ के गठन की घोषणा की। इस दौरान पत्रकारों ने क्षेत्र में पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा करते हुए संगठन के माध्यम से एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में पंजीकृत समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार पंडित जागेश्वर प्रसाद मिश्रा को संघ का संरक्षक नियुक्त किया गया। श्री मिश्रा वर्तमान में पत्रिका एवं यश भारत के स्थानीय प्रतिनिधि हैं और पत्रकारिता जगत में उनका गहरा अनुभव रहा है।

तत्पश्चात प्रदेश टुडे के जिला ब्यूरो अजय त्रिपाठी को अध्यक्ष, दैनिक भास्कर के प्रतिनिधि मोहम्मद लईक को उपाध्यक्ष, पत्रिका के स्थानीय प्रतिनिधि आशुतोष सराफ को महामंत्री/सचिव, प्रदेश टुडे के स्थानीय प्रतिनिधि राजेश दुबे को कोषाध्यक्ष, हरिभूमि के स्थानीय प्रतिनिधि हंसराज सिंह ठाकुर को सह सचिव घोषित किया गया।

नव-निर्वाचित अध्यक्ष अजय त्रिपाठी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों की आवाज को मजबूती देना है और उन्हें हर स्तर पर समर्थन एवं सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि संघ का विस्तार आगामी बैठक में किया जाएगा, ताकि संपूर्ण विकासखंड स्तर पर पत्रकारों को एकजुट किया जा सके।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर RPKP इंडिया न्यूज़ के चीफ एडिटर संतोष प्रसाद तिवारी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उनकी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संगठन विजयराघवगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे विकासखंड में पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई इबारत लिखेगा। उम्मीद है कि श्री त्रिपाठी के नेतृत्व में पत्रकारिता की दशा और दिशा दोनों में सकारात्मक परिवर्तन होगा।

