कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में माध्यमिक शिक्षा मण्डल परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण संबंधी बैठक सम्पन्न
(छिन्दवाडा) माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी परीक्षाओं की वर्ष 2026 की तैयारियों को लेकर आज कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस. बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मण्डल परीक्षाओं के लिये परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों के भौतिक सत्यापन के दौरान बैठक क्षमता, फर्नीचर, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही परीक्षा केन्द्रों से शालाओं की दूरी का जी.आई.एस. आधारित सत्यापन कराना भी आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां पर नक़ल की शिकायतें रहती हैं, वहां परीक्षा केन्द्र नहीं बनाए जाएं। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस. बघेल ने बैठक में बताया कि सत्र 2025-26 के लिए 5 पुराने परीक्षा केन्द्रों को बंद किया जा रहा है तथा 3 नए परीक्षा केन्द्र खोले जाएंगे।
