सेवा पखवाडे की हर गतिविधियों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करें

समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

(सतना) कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाडे के दौरान राज्य शासन द्वारा विभिन्न विभागों को निर्दिष्ट की गई गतिविधियों का क्रियान्वयन प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग की गतिविधियों की जानकारी पोर्टल पर भी अपलोड करें। सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने सेवा पर्व, सेवा स्वच्छता पखवाडा, कर्मयोगी अभियान, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा की। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, एलआर जांगडे, आरएन खरे, जीतेन्द्र वर्मा, सुमेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर बीके मिश्रा सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने कहा कि सेवा पखवाडे के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा प्रत्येक दिवस विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। विभागों के परस्पर समन्वय से कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन कराये और सभी कार्यक्रमों में जन प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करे। कलेक्टर ने कहा कि 17 सितंबर को स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग के समन्वय से स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान और राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ होगा। इसी प्रकार ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलेगा। वन विभाग द्वारा इस दौरान सेवा पर्व मनाया जायेगा। इसके तहत 18 सितंबर को चित्रकूट में वृहद कार्यक्रम रखा गया है। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान और संस्कृति विभाग द्वारा सेवा पर्व पखवाडा मनाया जायेगा। इस दौरान 21 सितंबर को नगर निगम क्षेत्र में मैराथन का भी आयोजन किया जाये। कलेक्टर ने कहा कि 25 सितंबर को एक घंटा श्रमदान के सूत्र पर सभी नगरीय निकायों में 9 से 12 बजे दोपहर तक सामूहिक स्वच्छता श्रमदान के कार्यक्रम रखे जाये। इसी तरह सभी विभाग 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के साथ ही पखवाडा के समापन पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी संबंधित विभाग और अधिकारियों को दायित्व सौपे गये है। जिनका क्रियान्वयन गंभीरतापूर्वक करें। अभियान के दौरान किये गये कार्यक्रमों की जानकारी फोटो, वीडियो, न्यूज क्लिप अपनी दर्शायी गई बेवसाइट पोर्टल पर अपलोड करायेंगे। कलेक्टर ने कहा कि अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा और मानीटरिंग उच्च स्तर पर की जा रही है। इसलिए पूरी गंभीरता और तन्मयता के साथ गतिविधियों का क्रियान्वयन करें। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि ग्रेडिंग के लिए अभी 4-5 दिन का समय शेष है। इस दौरान आवेदकों से बातचीत कर समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराये। राजस्व और पंचायत ग्रामीण विकास विभाग को अधिक मेहनत की जरूरत है। सभी विभाग मिलकर अगस्त माह की शिकायतों का अधिक से अधिक संतुष्टिकरण और डिमाण्ड क्लोजर निराकरण कराये। धरती आबा अभियान की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि सेवा पखवाडा और कर्मयोगी अभियान के दौरान चयनित ग्रामों में विलेज डिवलपमेंट प्लान भी तैयार करें और पोर्टल पर अपलोड कराये। कलेक्टर ने रेल्वे लाइन दोहरीकरण के भू अर्जन संबंधी बिंदुओं पर चर्चा की।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें