राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने अर्पित किये श्रद्धा सुमन

Advertisement

(जबलपुर) मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गोंडवाना राज्‍य के सम्राट अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं उनके बेटे कुंवर रघुनाथ शाह ने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह कर देश की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। उनके शहादत और बलिदान हमें देश प्रेम और अपनी संस्‍कृति की रक्षा की प्रेरणा देते हैं। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव 18 सितम्‍बर को जबलपुर में राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के 168वें बलिदान दिवस पर उन्‍हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह दोनों पिता पुत्रों ने रानी दुर्गावती की परम्‍परा को कायम रखते हुए अंग्रेजों के खिलाफ कविता के माध्‍यम से आवाज उठाई। उन्‍होंने अंग्रेजों के सामने सीना ठोककर जंगल, जमीन और अपने राष्‍ट्र को बचाने के लिए गीतों की रचना की। अंग्रेज उनके विद्रोह को बर्दाश्‍त नहीं कर पाये और कायरता का परिचय देते हुए उन्‍हें तोप के मुंह पर खड़ा कर उड़ा दिया गया। अंग्रेजों ने दोनो पिता-पुत्रों को बंदी बनाकर बगैर कोई मुकदमा चलाये उन्‍हें तोप से उड़ाने का काम किया था। अंग्रेजों ने उनके सामने धर्म बदलने, अंग्रेजी सत्‍ता को स्‍वीकार करने और माफी मांगने की शर्त रखी और इसे मान लेने पर उनकी रिहाई के लिए तैयार थे। लेकिन दोनों पिता-पुत्रों ने अंग्रेजों के इस प्रस्‍ताव को बहादुरी के साथ ठुकरा दिया और कहा कि तोप से उड़ाने के बाद भी यदि वे बच गये तो फिर से अंग्रेजी सत्‍ता के खिलाफ गीत लिखेंगे और अपने राष्‍ट्र की रक्षा के लिए विद्रोह करेंगे।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हर व्‍यक्ति के जीवन में जन्‍म और मृत्‍यु एक बार आती है, लेकिन देश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीद हमेशा के लिए अमर हो जाते हैं। राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ऐसे ही शहीद हैं जो हमेशा के लिए अमर हो गये हैं। उनका बलिदान हमें देश सेवा और देश की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। मध्‍यप्रदेश सरकार की ओर से उनके बलिदान दिवस पर मैं उन्‍हें नमन करता हूं और प्रणाम करता हूं। मां नर्मदा की पवित्र नगरी में गोंडवाना साम्राज्‍य के अमर शहीदों को स्‍मरण कर मैं स्‍वयं भी गौरवान्‍वित महसूस कर रहा हूं।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने गोंडवाना चौक पर अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर पुष्‍प अर्पित कर उन्‍हें श्रद्धांजली दी। उन्‍होंने प्रतिमा के ऊपर अल्‍प समय में छत्र लगाये जाने के लिए नगर निगम की सराहना की। इस अवसर पर उन्‍होंने सशक्‍त एवं आत्‍मनिर्भर भारत के लिए स्‍वदेशी वस्‍तुओं को अपनाने का आव्‍हान किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद श्री आशीष दुबे, श्रीमती सुमित्रा वाल्मिकी, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्‍नू, विधायक सर्व श्री अजय विश्‍नोई, अशोक रोहाणी, डॉ. अभिलाष पांडे, संतोष बरकड़े एवं नीरज सिंह, भाजपा के प्रदेश कोषाध्‍यक्ष श्री अखिलेश जैन, भाजपा के नगर अध्‍यक्ष श्री रत्‍नेश सोनकर एवं जिला अध्‍यक्ष श्री राजकुमार पटेल, नगर निगम के अध्‍यक्ष श्री रिकुंज विज, पूर्व विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी एवं श्री किशोरीलाल भलावी सहित अन्‍य गणमान्‍य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के पूर्व मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने आदिवासी परम्‍परा के अनुसार बड़ादेव की पूजा अर्चना की।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें