मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद दमोह में आयोजित की गईं अल्पविराम परिचय कार्यशाला
(दमोह) राज्य आनंद संस्थान, आनंद विभाग मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार विकासखंड दमोह के जनपद पंचायत सभागार में एकदिवसीय अल्पविराम परिचय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विकासखंड स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित हुए, जो प्रतिदिन जनता से सीधे संवाद कर विभागीय योजनाओं का संचालन करते हैं। ऐसे प्रतिभागियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु आनंदित रहकर कार्य करने के लिए अल्पविराम कार्यक्रम से जोड़ा गया।
कार्यशाला का शुभारंभ उपस्थित प्रशिक्षकों द्वारा किया गया। सत्र की शुरुआत आनंद विभाग का परिचय विषय से हुई, जिसे रमेश व्यास ने संचालित किया। तत्पश्चात आनंद की ओर विषय पर उषा व्यास ने मार्गदर्शन दिया। जीवन का लेखा-जोखा विषय पर कमलेश शुक्ला ने प्रशिक्षण दिया। वहीं, चिंता का दायरा एवं प्रभाव का दायरा विषय पर जिला संपर्क व्यक्ति रमेश व्यास ने प्रतिभागियों को जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपने जीवन की घटनाओं को साझा करते हुए अल्पविराम के महत्व को समझा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को जीवन में आनंदित रहते हुए अपने कार्य को अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न करना रहा। इस एकदिवसीय कार्यशाला में कुल 65 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। आयोजन मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद एवं राज्य आनंद संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। अल्पविराम परिचय कार्यशाला में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सुशील नामदेव राज्य आनंद संस्थान के जिला संपर्क अधिकारी रमेश व्यास विकासखंड समन्वयक वंदना जैन एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
