जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न डांडिया स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं

Advertisement

(मुरैना) आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र सिंह डाबर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में 22 सितम्बर को मनाए जाने वाले *नवदुर्गा महोत्सव, 2 अक्टूबर को दशहरा एवं गांधी जयंती तथा 21 अक्टूबर को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा के आयोजन के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एसडीएम मुरैना श्री बी.एस. कुशवाह, सीएसपी श्रीमती दीपाली चंदौरिया, आयुक्त नगर निगम श्री सत्येन्द्र धाकरे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे। अपर कलेक्टर श्री रावत ने निर्देशित किया कि नवदुर्गा महोत्सव के दौरान डांडिया कार्यक्रमों के आयोजक अनिवार्य रूप से आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। झांकी स्थलों पर जनसंचार में कोई बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए पंडाल आयोजक पूर्व से ही समुचित योजना बनाएं। विद्युत विभाग को यह सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया कि झांकियों में केवल अनुमोदित विद्युत कनेक्शन ही उपयोग में लाए जाएं। साथ ही, नगर निगम द्वारा झांकी स्थलों की नियमित साफ-सफाई तथा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र सिंह डाबर ने कहा कि शहर में केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही झांकियों की स्थापना की जाए। इसके लिए थाना स्तर पर आयोजकों के साथ समय रहते बैठकें संपन्न कर ली जाएं। प्रत्येक पंडाल स्थल पर आयोजक समिति के दो जिम्मेदार सदस्य अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि वह भ्रमण कर सुनिश्चित करे कि पंडालों में कोई भी विद्युत तार खुले न हों। उन्होंने यह भी कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों अथवा असामाजिक तत्वों की सूचना पर सतर्कता बरती जाए। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि दीपावली पूर्व ऐसे स्थानों की पहचान करें जहां अवैध रूप से आतिशबाजी का निर्माण या बारूद का संग्रहण किया जा रहा हो। इस प्रकार की किसी भी गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें