आदि कर्मयोगी अभियान में विलेज लेवल प्लान शीघ्र तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर ने समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में की समीक्षा
(सतना) कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सेवा पखवाडा के दौरान विभिन्न विभागों की निर्धारित गतिविधियों का क्रियान्वयन गंभीरता से करते हुए पोर्टल पर अपडेट करें। इसी प्रकार आदि कर्मयोगी अभियान के तहत चिन्हित गांवों का संबंधित विभागों से समन्वय कर विलेज प्लान की तैयारी शीघ्र पूर्ण करें। ताकि आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर होने वाली ग्राम सभाओं में इसका अनुमोदन लिया जा सके। सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की संपन्न बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न अभियानों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, जीतेन्द्र वर्मा, आरएन खरे, राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, सुमेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर बीके मिश्रा सहित जिला विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में आदि कर्मयोगी अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, स्कूल शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन और राजस्व विभाग के समन्वय से चयनित गांवों का विलेज लेवल प्लान आगामी 3-4 दिनों में बना ले। इसी प्रकार सेवा पखवाडा की हर गतिविधि का क्रियान्वयन गंभीरता पूर्वक करते हुए डाक्यूमेंटेशन कराये तथा की गई गतिविधि पोर्टल पर फीड कराये। धान उपार्जन केन्द्रों के लिए पंजीयन का कार्य प्रारंभ हो गया है। अगली बैठक में विस्तृत समीक्षा की जायेगी। कृषि उत्पादन आयुक्त की निकट भविष्य में होने वाली संभागीय बैठक की तैयारी और पूर्व बैठक के निर्देशों का पालन प्रतिवेदन तैयार करें। कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल क्राप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री कार्य में जिले का कार्य संतोषजनक नहीं है। उन्होंने एसडीएम और राजस्व अधिकारियों को एक सप्ताह इस कार्य पर फोकस करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत से कम फार्मर रजिस्ट्री वाले हल्कों के पटवारियों को नोटिस जारी कर कार्यवाही करें। स्कूल शिक्षा विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग भवन विहीन शालाओं की जानकारी जिला पंचायत को अविलम्ब उपलब्ध कराये। रेल्वे के भू अर्जन, एनवीडीए, एनएचआई और जल संसाधन विभाग की विकास परियोजनाओं के लिए भू अर्जन तथा पारित अवार्ड की कलेक्टर ने समीक्षा की। रेल्वे दोहरीकरण और सतना-पन्ना खण्ड रेलवे लाइन कार्य की समीक्षा में कहा कि परियोजना कार्य में स्थानीय गतिरोध स्वीकार योग्य नहीं होगा। विकास कार्यो में व्यवधान या गतिरोध पैदा होने पर इसकी सूचना एसडीएम और कलेक्टर को तत्काल देवे। सतना-रीवा रेल लाइन दोहरीकरण के कार्य में कलेक्टर ने मुआवजा वितरण के लिए एसडीएम रामपुर बघेलान को हर हफ्ते कैम्प लगाने के निर्देश दिये। भू अर्जन शाखा में लंबित 37 प्रकरणों में कलेक्टर ने इस हफ्ते अनिवार्य रूप से अवार्ड पारित करने के निर्देश भी दिये। जल संसाधन विभाग के कार्यो में नरदहा और पिपरी टोला में स्थानीय लोगों के अवरोध की सूचना पर कलेक्टर ने एसडीएम मझगवां को मौके पर जाकर निराकरण करने निर्देशित किया।
