प्रदेश में महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिये लग रहे हैं शिविर
मानव श्रंखला बनाकर दिया गया स्वच्छता का संदेश
उमरिया जिले में अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग संग्रहित करने की समझाइश दी गयी। महिलाओं को अपने जीवन में स्वच्छता को पूरी तरह से अपनाने के लिये जागरूक किया गया। शहडोल जिले में 8वाँ राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। इसमें नागरिकों को कम नमक, चीनी और खाद्य तेल के उपयोग की समझाइश दी जा रही है। आँगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों का वजन लिया जा रहा है और किशोरियों को अच्छे स्वास्थ्य के लिये स्वच्छता को अपनाने के लिये प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविरों के जरिये 3573 महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जाँच की गयी।
इंदौर जिले में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। शिव मंदिरों और शासकीय स्कूलों में जन-भागीदारी से सफाई कार्य किया गया। ग्राम निपानिया में संजीवनी क्लीनिक में सफाई और श्रमदान कर सफाईकर्मियों का सम्मान किया गया। बड़वानी जिले में चयनित 4 स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। जिले में 1191 यूनिट रक्तदान हुआ। रक्तदान शिविर के लिये स्वयंसेवी संस्थाओं ने जन-सामान्य को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी। टीकमगढ़ जिले में स्वच्छता का संदेश देने के लिये विद्यार्थियों ने मानव श्रंखला बनाकर ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने भारत का नक्शा बनाया। जिले के आनंद ग्राम धजरई में हार्ट फुलनेस क्लब ने नागरिकों को आनंदपूर्ण जीवन के महत्व और तनावरहित रहने के बारे में जानकारी दी। युवाओं ने सार्वजनिक स्थानों जैसे कुओं, तालाबों, सामुदायिक भवन को निरंतर साफ रखने का संकल्प लिया। मुरैना जिले में शासकीय कला पथक दल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये ग्रामीणों को नशामुक्ति का संदेश दिया। ग्रामीणों को बताया गया कि नशा नाश की जड़ है और एक सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण के लिये नशामुक्त समाज आवश्यक है। जिले के ग्राम नूराबाद में खण्ड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण की जानकारी दी गयी।
