तामिया की घाटियों में दौड़े 9 राज्यों और 20 जिलों के धावक
विश्व पर्यटन दिवस पर छिंदवाड़ा के तामिया में हुई मैराथन
विजेताओं को पुरस्कार
तामिया मैराथन में तीन कैटेगरी 21, 11 और 05 किमी के लिए महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग प्रथम, द्वितीय, तृतीय विजेता घोषित किए गए। 21 कि.मी. मैराथन में उम्मीद से कहीं अधिक 350 धावकों ने भाग लिया, जिनमें 40 महिला धावक भी शामिल थीं। पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सतीश वर्मा ने और महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश के कानपुर की याशी सचान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके लिए दोनों धावकों को 31-31 हजार रुपए की पुरस्कार राशि के चेक प्रदाय किए गए। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के धीरज यादव और भोपाल की प्राची वडियार ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 21-21 हजार रुपए की राशि प्राप्त की। सतना के अभिषेक सोनी और तामिया की माधुरी नर्रे ने तृतीय स्थान हासिल कर 11-11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्राप्त की।
गगन साहू और गीता भारती ने 11 कि.मी. मैराथन में प्रथम स्थान, देवकीनन्दन ने द्वितीय एवं मनोज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 05 किमी मैराथन में अरुण धुर्वे और बिंदिया परतेती ने प्रथम, अजेश और अंकिता ने द्वितीय एवं हिमांशु और गिरिजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सरप्राइज गिफ्ट भी दिए गए
तामिया मैराथन में कुछ सरप्राइस गिफ्ट भी रखे गए। 5 किमी दौड़ को पूरा करने वाले सबसे कम उम्र 8 वर्ष के प्रतिभागी प्रयान उट्टी और सबसे अधिक उम्र के पुरुष प्रतिभागी 72 वर्षीय श्री एस.बी. सोनटके एवं महिला प्रतिभागी 65 वर्षीय विशाखा सोनटके को सरप्राइस गिफ्ट प्रदान किए गए। इसी तरह 21 किमी मैराथन में सबसे कम उम्र 16 वर्षीय धावक गीतेश इड़पाची को सरप्राइस गिफ्ट दिया गया।
महापौर श्री विक्रम अहके ने कहा ऐतिहासिक आगाज हुआ है। तामिया की घाटियों में होने वाली संभवतः यह प्रदेश की पहली मैराथन होगी। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अद्भुत नैसर्गिक सुंदरता के साथ ही छिंदवाड़ा जिले और विशेषकर तामिया क्षेत्र में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। इस तरह के आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही जिले को दूर-दूर तक नई पहचान दिलाएंगे। उन्होंने तामिया मैराथन के इस पहले आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
