मन मस्तिष्क को अच्छे और सच्चे विचारों से भरकर ही जीवन आनंदमय होगा पहाड़गढ़ में ब्लॉक स्तरीय अल्पविराम आनंद कार्यशाला संपन्न
(मुरैना) मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान आनंद विभाग द्वारा जन अभियान परिषद के सहयोग से आयोजित ब्लॉक स्तरीय अल्पविराम आनंद परिचय कार्यशाला पहाड़गढ़ मुख्यालय पर संपन्न हुई। कार्यशाला में मुख्य वक्ता मास्टर ट्रेनर सुधीर आचार्य ने कहा कि जिस प्रकार गलत पासवर्ड डालने से मोबाइल नहीं खुलता है, इसी प्रकार मानव मस्तिष्क में अच्छे और सच्चे विचार नहीं डालने से जीवन नहीं खिलता। डॉ. आचार्य ने उदाहरणों के माध्यम से अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा कि हम विचारों और भावों के माध्यम से ही अपने कार्यों और कर्मों को करते हैं। विचार और भाव नकारात्मक होते हैं, तो हमारे कार्य ईर्ष्या, क्रोध, जलन, नफरत, की दिशा में होते हैं और अगर मन मस्तिष्क में सकारात्मक सच्चे और अच्छे विचार होते हैं, तो हमारे कार्य प्रेम, दया, करुणा, मैत्री, सद्भाव समरसता की दिशा में होते हैं। इसलिए मन मस्तिष्क को अच्छे और सच्चे विचारों से भरकर ही जीवन आनंदमय बनाया जा सकता है। इससे पूर्व सर्व धर्म प्रार्थना आनंदम सहयोगी सुजाता तोमर ने की और अरविंद मावई ने संस्थान के परिचय के साथ ही कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों के जीवन को तनाव मुक्त करने और आनंद से भरने के लिए प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। कार्यशाला के समापन पर आभार मास्टर ट्रेनर बालकृष्ण शर्मा ने किया।
