कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड द्वारा पोरसा तहसील के विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण स्वास्थ्य, शिक्षा और आंगनवाड़ी व्यवस्थाओं में पाई गईं अनियमितताएं, दिए तत्काल सुधार के निर्देश

ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को मौके पर दिए निर्देश

(मुरैना) कलेक्टर श्री लोकेश कुमार रामचन्द्र जांगिड ने आज तहसील पोरसा के ग्राम बुधारा, डोंडरी एवं तेहरा में संचालित शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों, विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर लापरवाही, अनुपस्थिति और अव्यवस्थाएं पाई गईं, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। शिक्षा संस्थानों में कम उपस्थिति और लापरवाही शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय, बुधारा में छात्र संख्या अत्यंत कम पाई गई। पूछताछ में पता चला कि अधिकतर छात्र खेतों में बाजरे की कटाई के लिए माता-पिता की सहायता कर रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। अतिथि शिक्षक सूरजभान सिंह तोमर, जो संस्कृत पढ़ा रहे थे, विषय संबंधी प्रश्नों का उत्तर नहीं दे सके। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में अतिक्रमण पाए जाने पर तहसीलदार पोरसा को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका सुलेखा अनुपस्थित पाई गईं, जिन पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। मिड-डे मील के निरीक्षण में भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप नहीं था। कलेक्टर ने इस लापरवाही पर संबंधित महिला स्व-सहायता समूह को हटाने हेतु एसडीएम अंबाह को निर्देशित किया। आंगनवाड़ी केन्द्रों की खामियां आंगनवाड़ी केन्द्र बुधारा के निरीक्षण में कार्यकर्ता मंजू तोमर उपस्थित पाई गईं। उन्होंने बताया कि पोषण ट्रैकर में 100% प्रविष्टि की जाती है। कलेक्टर ने सटीक एवं नियमित जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय नाश्ता निर्धारित मेन्यू के अनुसार नहीं था और बच्चों के खिलौने भी अनुपलब्ध थे। इस पर विकास श्याम सहायता समूह को हटाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य संस्थानों में गंभीर लापरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बुधारा में निरीक्षण के दौरान डॉ. दीपक मीणा एवं वार्ड बॉय जितेन्द्र उपाध्याय अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को दोनों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उप-स्वास्थ्य केन्द्र बंद पाया गया, जिस पर कलेक्टर ने सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। प्रसूता महिलाओं की जानकारी ‘अनमोल पोर्टल’ पर प्रतिदिन अपडेट करने के भी निर्देश दिए गए। अव्यवस्थित परिसर, गंदगी, पेयजल की कमी, बंद ऑपरेशन थियेटर तथा दवा स्टॉक में अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर ने गंभीर नाराजगी जताई और सुधार हेतु त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए। एक मरीज मुन्ना सिंह तोमर को कैनुला न लगाए जाने पर कलेक्टर ने तत्काल कैनुला लगाने के निर्देश दिए। एक अन्य मरीज को पर्ची भूलने पर दवा न देने की शिकायत पर उन्होंने दवा तुरंत उपलब्ध कराने को कहा। ग्राम चौपाल के माध्यम से संवाद ग्राम बुधारा में आयोजित ग्राम चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बच्चों को विद्यालय भेजें, खेतों में कार्य हेतु न भेजें। साथ ही उन्होंने बकाया बिजली बिलों के शीघ्र भुगतान का अनुरोध किया। नल-जल योजना के तहत कनेक्शन न लगने और पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायतों पर कलेक्टर ने PHE विभाग को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। सीमांकन की समस्याओं एवं स्वामित्व योजना के कार्यों को दीपावली पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
पीएम आवास योजना में जियो-टैगिंग की त्रुटियों पर नाराजगी जताई गई और रामसुंदर कुशवाह की राशन आईडी शीघ्र बनवाने के निर्देश तहसीलदार को दिए। डोंडरी और तेहरा में भी निरीक्षण कलेक्टर ने शासकीय विद्यालय डोंडरी एवं ग्राम तेहरा के प्राथमिक विद्यालय तथा आंगनवाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। डोंडरी में ग्राम चौपाल के माध्यम से उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा फार्मर आईडी, डीबीटी एवं पीएम किसान योजना से जुड़े लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। डोंडरी पंचायत में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश PHE विभाग को दिए गए। अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में भी लापरवाही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरथरा निरीक्षण के समय बंद पाया गया, वहीं PHC दिमनी में डॉ. अविनाश कुलश्रेष्ठ एवं सपना शर्मा अनुपस्थित रहीं। कलेक्टर ने इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए। स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में गंदगी एवं अव्यवस्था पाए जाने पर कलेक्टर ने CMHO को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें