जिला स्‍तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के आयोजन हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गये दायित्‍व

(कटनी)   भगवान बिरसा मुण्‍डा की 150 वीं जयंती के समापन वर्ष जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन शनिवार 15 नवंबर को ढीमरखेड़ा के महात्‍मा गांधी मैदान में किया जायेगा। जिला स्‍तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के सफल क्रियान्‍वयन एवं समन्‍वय हेतु कलेक्‍टर श्री आशीष तिवारी ने जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर को नोडल अधिकारी नियुक्‍त किया है। जबकि जिला संयोजक अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य श्री विमल चौरसिया सहायक नोडल होंगे। साथ ही कार्यक्रम हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य दायित्‍व सौंपे गये है। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्‍वों का निर्वहन समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए है। इन्‍हें मिले दायित्‍व  जारी आदेश के अनुसार एसडीएम ढीमरखेड़ा सुश्री निधि सिंह गोहल को संपूर्ण कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया है। जबकि कार्यक्रम स्‍थल की संपूर्ण सुरक्षा एवं वाहन पार्किंग व्‍यवस्‍था की जिम्‍मेदारी ढीमरखेड़ा के थाना प्रभारी संभालेंगे। इसी प्रकार जिला संयोजक जनजातीय कार्य एवं कार्यपालन यंत्री लोकनिर्माण को मंच व्‍यवस्‍था एवं जिला संयोजक जनजातीय कार्य को आमंत्रण स्‍वागत की जिम्‍मेदारी दी गई है।

इसी प्रकार म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. के कार्यपालन यंत्री विद्युत व्‍यवस्‍था, सभी जनपद पंचायतों के सीईओ हितग्राहियों को लाने एवं ले जाने की जिम्‍मेदारी एवं जिला सूचना अधिकारी वन-वे कनेक्‍टविटी की जिम्‍मेदारी संभालेंगे। जबकि उपसंचालक पशु चिकित्‍सा स्‍टाल प्रभारी, तहसीलदार ढीमरखेड़ा बैठक व्‍यवस्‍था, मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अग्नि शमन एवं पेयजल व्‍यवस्‍था, मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी स्‍वास्‍थ्‍य सेवा और जिला संयोजक अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य भोजन व्‍यवस्‍था का निर्वहन करेंगे।

वहीं कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग लोकार्पण और भूमि पूजन, जिला संयोजक अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य सांस्‍कृतिक कार्यक्रम और जिला शिक्षा अधिकारी व जिला संयोजक अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य खेल पुरुस्‍कार एवं मेधावी बच्‍चों की जानकारी देने का कार्य करेंगे। इसके अलावा श्री राजेंद्र असाटी मंच संचालन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास पूजन, रंगोली एवं दीप प्रज्‍जवलन और जिला श्रम अधिकारी व जिला संयोजक अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य प्रमाण पत्र वितरण में सहयोग करेंगे। कार्यक्रम हेतु जिला स्‍तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है इसमें प्राचार्य कन्‍या शिक्षा परिसर श्री शत्रुधन त्रिपाठी, उच्‍चतर माध्‍यमिक शिक्षा कन्‍या शिक्षा परिसर श्री देवेन्द्र कुशवाहा और उच्‍चतर माध्‍यमिक शिक्षा कन्‍या परिसर श्री शरद ताम्रकार शामिल रहेंगे। ये सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संपर्क बनाये रखेंगे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें