कलेक्टर ने रीवा विधानसभा क्षेत्र में गहन पुनरीक्षण का लिया जायजा सभी बीएलओ दो दिवस में वितरित गणना पत्रक संकलित करें – कलेक्टर

(रीवा) जिले भर में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने रीवा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का जायजा लिया। कलेक्टर ने एसडीएम हुजूर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में रीवा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि बीएलओ चुनाव के समय जिस तरह तत्परता से कार्य करते हैं उससे भी अधिक तत्परता से कार्य करने की आवश्यकता है। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए समय सारिणी और चार दिसम्बर की समय सीमा निर्धारित कर दी है। बीएलओ शेष बचे गणना पत्रक 15 नवम्बर तक अनिवार्य रूप से वितरित कर दें। इसके साथ-साथ 16 नवम्बर तक भरे हुए तथा हस्ताक्षरित गणना पत्रक मतदाता से प्राप्त करें। इन्हें बीएलओ ऐप के माध्यम से अपलोड करें। गणना पत्रक के भाग तीन की जानकारी सहयोगी दल के माध्यम से पूरी कराएं। यदि मतदाता घर में नहीं मिलता है तो परिवार के किसी भी वयस्क सदस्य से मतदाता के संबंध में गणना पत्रक संबंधी जानकारी प्राप्त करके उससे गणना पत्रक में हस्ताक्षर करा लें। मतदाता से फोटो प्राप्त करना अनिवार्य नहीं है। गणना पत्रक में जो जानकारियाँ अनिवार्य हैं उन पर ध्यान केन्द्रित करें। एसडीएम तहसील कार्यालय में तकनीकी दल को तैनात करें। इनके सहयोग से गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन कराएं। सुपरवाइजर इस बात पर विशेष ध्यान दें कि गणना पत्रक जिस दिन प्राप्त हो उसी दिन उसका डिजिटाइजेशन अनिवार्य रूप से हो जाए। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्यवाही करें। बैठक में एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के संबंध में बिन्दुवार जानकारी दी। बैठक में नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला, नायब तहसीलदार श्रीमती विन्ध्या मिश्रा, सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, ग्राम रोजगार सहायक तथा तकनीकी दल के सदस्य उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें