एसडीएम कटनी श्री चतुर्वेदी ने खरीदी केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने केन्द्र प्रभारियों को दिये निर्देश
(कटनी) खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर पंजीकृत कृषकों से धान उपार्जन के दौरान कृषकों को सुलभ उपार्जन सुविधा मुहैया कराने हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी ने सोमवार को खरीदी केन्द्र पिपरौध श्रीकृष्णा वेयर हाउस पीरबाबा तथा पूर्व में निर्धारित किये गये खरीदी केन्द्र ओम वेयर हाउस पडुआ का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान, मौके पर खरीदी केन्द्र में तौलकांटा, ग्रेडर, बारदाना, स्टेन्सिल, माइश्चर मीटर, सिलाई मशीन धागा आदि उपलब्ध पाये गये। उपार्जन केन्द्र में लगभग 300 किसान पंजीकृत है, जिनका उपार्जन किया जायेगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री चतुर्वेदी ने किसानो के बैठने हेतु कुर्सियों, टेन्ट, पेयजल आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने हेतु खरीदी केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया। वेयरहाउस के निरीक्षण में कुछ भाग पर चावल रखा हुआ पाया गया तथा अन्य कोई धान्य का भंडारण नहीं पाया गया।
इसके पूर्व एसडीएम श्री चतुर्वेदी द्वारा शुक्रवार 28 नवम्बर को तहसील रीठी तथा शनिवार 29 नवम्बर को तहसील कटनी शहर एवं ग्रामीण के उपार्जन केन्द्र के समिति प्रबंधकों एवं खरीदी केन्द्र प्रभारियों की बैठक ली गई थी। जिसमें शासन के नियमों का पालन करते हुए केन्द्रों पर आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने तथा सुगमता पूर्वक उपार्जन कार्य सम्पन्न कराने के निर्देश दिये गये थे।बैठक में सर्व संबंधित खाद्य निरीक्षकों, सहकारिता विस्तार अधिकारियों सहित समिति प्रबंधकों एवं खरीदी केन्द्र प्रभारियों की उपस्थिति रही।फोटो- 01 से 04 तक
