अमहाई धाम में 19 से 26 दिसंबर तक श्रीमद् भागवत कथा, 18 को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
(अमेहटा) पावन धार्मिक स्थल बाबा अण्वंगेश्वर महादेव अमहाई धाम में श्री श्री 108 श्री मनोहरदास त्यागी जी महाराज (मोहन बाबा जी) के सान्निध्य में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है।
कार्यक्रम की शुरुआत 18 दिसंबर 2025, गुरुवार को दोपहर 3 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इसके पश्चात 19 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) से 26 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
श्रीमद् भागवत कथा का मधुर प्रवचन प्रभुदास त्यागी जी महाराज के द्वारा किया जाएगा, वहीं कथा व्यास के रूप में पं. बृजबिहारी दुबे जी (छंगा महाराज), ग्राम झिरिया, विजयराघवगढ़, जिला कटनी अपनी ओजस्वी वाणी से श्रद्धालुओं को धर्म और भक्ति का संदेश देंगे।
कथा के समापन अवसर पर 26 दिसंबर 2025, शुक्रवार को कन्या भोजन, ब्राम्हण भोजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस आयोजन का आयोजन बाबा अण्वंगेश्वर महादेव अमहाई सेवा समिति एवं सार्वजनिक सहयोगी ग्राम अमेहटा द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।
