रायसेन जिले में पकड़ी गई नकली शराब की फैक्ट्री: भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने मीडिया की दी जानकारी

Advertisement

डॉ. मोहन यादव सरकार जनता के जीवन से खिलवाड़ करने वाले माफिया को समूल नष्ट कर रही है- श्री रामपाल सिंह

(भोपाल) भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने रायसेन जिले के सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के चांदौड़ा गांव में नकली शराब फैक्ट्री पकड़े जाने पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि नकली शराब फैक्ट्री के संचालकों को कांग्रेस के विधायक व रायसेन कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेन्द्र पटेल का पूरा संरक्षण प्राप्त है। कांग्रेस विधायक देवेन्द्र पटेल के संरक्षण में ही नकली शराब की फैक्ट्री संचालित हो रही थी। आबकारी विभाग और पुलिस कांग्रेस विधायक के मोबाइल नंबरों की जांच करे तो नकली शराब फैक्ट्री संचालित करने वालों को संरक्षण देने वालों के नाम उजागर हो जाएंगे। देवेन्द्र पटेल शराब माफियाओं के साथ गलबिहयां करते देखे जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस फैक्ट्री का पकड़ा जाना कोई मामूली आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि यह कांग्रेस के माफियाओं से गठजोड़ और राजनीतिक संरक्षण का जीता जागता प्रमाण है। इस घटना ने एक बार फिर कांग्रेस के बदनाम, आपराधिक चरित्र की यादें ताजा कर दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार जनता के जीवन से किसी माफिया को खिलवाड़ नहीं करने देगी। भाजपा सरकार जीरो टॉलरेंस पर कार्य करते हुए इस शराब माफिया गिरोह का खुलासा किया है। इस दौरान रायसेन जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा उपस्थित रहे।

जनता के सामने आया कांग्रेस का डरावना और खतरनाक चेहरा
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि रायसेन जिले के सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के चांदौड़ा गांव में आबकारी विभाग की कार्रवाई में पकड़ी गई अवैध शराब फैक्ट्री कांग्रेस विधायक और रायसेन जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री देवेंद्र पटेल के संरक्षण में संचालित हो रही थी। यह फैक्ट्री नकली शराब बनाने और उसे बाजार में खपाने का संगठित आपराधिक नेटवर्क था, जो सीधे-सीधे कांग्रेस के संरक्षण में फल-फूल रहा था। इस अवैध कारोबार से जुड़े मुन्ना राजा, प्रिंस उर्फ सूर्य प्रताप परमार और बबलू उर्फ अरविंद बुंदेला जैसे माफिया तत्व कांग्रेस विधायक देवेंद्र पटेल के करीबी, समर्थक और संरक्षित अपराधी बताए जा रहे हैं। नकली शराब फैक्ट्री से क्षेत्र के कई लोगों की किडनी खराब हो गई। कांग्रेस विधायक देवेन्द्र पटेल पूरे रायसेन जिले के शराब माफियाओं, बदमाशों, तस्करों और शिकारियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह खुलासा साबित करता है कि कांग्रेस सत्ता में न होते हुए भी माफिया राज चलाने की कोशिश कर रही है। नकली शराब का यह धंधा सीधे-सीधे जनता के जीवन और स्वास्थ्य से खिलवाड़ है और यह बिना राजनीतिक संरक्षण के संभव ही नहीं है। उन्होंने कहा कि इस घटना से मध्यप्रदेश की जनता के सामने कांग्रेस का असली, डरावना और खतरनाक चेहरा एक बार फिर उजागर हो गया है।

यह कांग्रेस का जंगलराज नहीं, कानून के शिकंजे से कोई नहीं बचेगा
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि आश्चर्य की बात है कि इतने बड़े आपराधिक मामले के सामने आने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार चुप्पी साधे हुए हैं। प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि उनकी यह चुप्पी क्या उनकी मूक सहमति नहीं है? क्या अपराधियों को बचाना ही कांग्रेस की नीति रही है? क्या कांग्रेस ने देवेंद्र पटेल को जिला अध्यक्ष इसलिए ही बनाया है क्योंकि वे अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देने में “कुशल” हैं?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक श्री देवेंद्र पटेल सिलवानी और रायसेन को माफियाओं के हवाले करना चाहते हैं। लेकिन कांग्रेस यह बात याद रखे कि यह आज का मध्यप्रदेश है, कांग्रेस का जंगलराज नहीं। यहाँ अब कानून बोलता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी सख्ती से काम कर रही है। इसी नीति के तहत अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ और अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसा गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था और जनता के स्वास्थ्य को लेकर कोई समझौता नहीं करती। अपराधी और माफिया चाहे कितने ही बड़े नेता के करीबी क्यों न हों, कानून के शिकंजे से कोई नहीं बचेगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें