पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खलवारा बाजार में बैगलेस डे का अभिनव आयोजन

(कैमोर) पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय खलवारा बाजार कैमोर में गत दिवस बैगलेस डे का अभिनव एवं रचनात्मक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विद्यालय से लगभग एक किलोमीटर दूर कैमोर की पहाड़ियों की सुरम्य वादियों में स्थित पनिहाई स्थल पर शैक्षणिक भ्रमण हेतु ले जाया गया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि गंतव्य की जानकारी पहले से किसी भी विद्यार्थी या शिक्षक को नहीं दी गई थी। कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के 2-2 छात्रों का खोजकर्ता दल गठित किया गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पर्चियां दी गईं, जिनमें संकेतों के माध्यम से रास्ता खोजने की चुनौती दी गई। विद्यार्थियों के पीछे-पीछे शिक्षक भी चल रहे थे। इस रोमांचक गतिविधि ने बच्चों में उत्सुकता और सहभागिता को और बढ़ा दिया। मंजिल पर पहुँचते ही सभी विद्यार्थियों में विजय का उत्साह और अपूर्व आनंद देखने को मिला।

पनिहाई स्थल पर आयोजित सभा के पश्चात कक्षाएं प्रतिदिन की तरह संचालित की गईं। कालखंड परिवर्तन के लिए साउंड सिस्टम पर संगीत का उपयोग किया गया। शिक्षकों ने बिना किताब और बिना बोर्ड के विविध गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण कार्य किया, जिससे बच्चों ने खेल-खेल में सभी विषयों का पुनरावर्तन किया। साथ ही CCLE की गतिविधियां भी सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।

इस दौरान विद्यार्थियों को सागौन के सैकड़ों वृक्षों, प्रसिद्ध पेयजल स्रोत, स्टॉप डेम आदि के माध्यम से वृक्ष संरक्षण, जल संरक्षण, प्रकृति का महत्व, पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों के लिए भोजन पैकेट एवं मिठाई की व्यवस्था की गई। विद्यार्थियों ने बैगलेस डे का भरपूर आनंद लिया। यह आयोजन न केवल शैक्षणिक बल्कि पर्यावरणीय एवं नैतिक मूल्यों से जुड़ा एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव रहा। कार्यक्रम में सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और सहयोग प्रदान किया।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें