250 वर्ष पुराने जगदीश स्वामी मंदिर की गौरवशाली विरासत, 1857 की क्रांति से जुड़ा इतिहास आया सामने
आस्था, बलिदान और संस्कृति का संगम: 250 साल पुराना जगदीश स्वामी मंदिर बना श्रद्धा का केंद्र
(विजयराघवगढ़) विजयराघवगढ़ क्षेत्र के नन्हवारा कला ग्राम स्थित 250 वर्ष प्राचीन जगदीश स्वामी मंदिर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को लेकर आज RPKP इंडिया न्यूज चैनल की टीम मंदिर परिसर पहुँची। इस अवसर पर सुभाष दुबे जी ने मंदिर के गौरवशाली इतिहास की विस्तृत जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि यह मंदिर लगभग 250 वर्ष पुराना है और इसकी स्थापना ग्राम नन्हवारा कला के रामप्रसाद दुबे (उपनाम नन्हे ठाकुर) द्वारा की गई थी, जिनके नाम पर ही ग्राम का नाम नन्हवारा कला पड़ा। रामप्रसाद दुबे 1857 की क्रांति के दौरान विजयराघवगढ़ रियासत के राजा प्रयाग दास जी के यहाँ थाना प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। अंग्रेजों के विरुद्ध बगावत करने पर ठाकुर सरयु प्रसाद सिंह जी के साथ उन्हें फांसी की सजा दी गई थी।

जानकारी के अनुसार, लगभग 50 वर्ष पूर्व जगदीश स्वामी मंदिर को ट्रस्ट में सौंपा गया था, साथ ही दुबे परिवार द्वारा 27 एकड़ भूमि भी दान में दी गई। यह मंदिर विजयराघवगढ़ क्षेत्र के प्रमुख प्राचीन मंदिरों में शामिल है, जिनमें विजयराघवगढ़ का बंजारी माई मंदिर, काटी बरछेका के पास निगहरा स्थित कंकाली मंदिर तथा नन्हवारा कला का जगदीश स्वामी मंदिर विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।

बीते दो वर्षों से मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य निरंतर किया जा रहा है। मंदिर में आज भी भगवान जगन्नाथ जी की 250 वर्ष पुरानी सतयुगी प्रतिमा श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु विराजमान है। मंदिर की व्यवस्थाएँ नन्हवारा कलां कमेटी द्वारा संचालित की जाती हैं, जहाँ समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, विधिवत पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन तथा रामचरितमानस का पठन-पाठन श्रद्धा और उत्साह के साथ होता रहता है।
यह प्राचीन मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों का भी सजीव प्रतीक है।
✍️ दुर्गा प्रसाद बर्मन
RPKP INDIA NEWS
कैमोर
