जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में भी जनभागीदारी से सफल होगा राष्ट्र निर्माण का महाअभियान स्व-गणना 10 से 24 जनवरी तक, घर-घर जनगणना 25 जनवरी से 28 फरवरी तक
(कटनी) जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफल बनाने के लिए नागरिकों से सक्रिय भागीदारी और सहयोग की अपील की गई है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के नागरिकों से जनगणना के दौरान सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराने तथा प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देने का आग्रह किया है।
जनगणना के द्वितीय चरण में नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके तहत 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास सहित विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं का आकलन इन्हीं आंकड़ों के आधार पर किया जाता है। प्रथम चरण में नागरिकों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए द्वितीय चरण में भी इसी तरह सहभागिता की अपेक्षा की गई है।
