अमदरा में जन चौपाल: मनरेगा बचाने ग्रामीणों ने भरी हुंकार

(अमदरा) मनरेगा योजना को कमजोर किए जाने और ग्रामीणों के आजीविका अधिकारों पर हो रहे कथित हमलों के विरोध में मैहर विधानसभा क्षेत्र के अमदरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पथरहटा में ब्लॉक कांग्रेस अमदरा एवं जिला कांग्रेस मैहर के तत्वावधान में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।

जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करते हुए वक्ताओं ने मनरेगा के अंतर्गत काम की गारंटी सुनिश्चित करने, मजदूरों को समय पर मजदूरी भुगतान करने तथा योजना में किए गए जनविरोधी बदलावों को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर मनरेगा कार्यों में कटौती और भुगतान में देरी से मजदूर वर्ग की आजीविका प्रभावित हो रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश घई ने कहा कि मनरेगा देश के ग्रामीण गरीबों और श्रमिक वर्ग के लिए जीवनरेखा के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा के बजट में कटौती और कार्यों की सीमित उपलब्धता से ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। श्री घई ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत है और यदि मनरेगा को कमजोर करने के प्रयास बंद नहीं किए गए तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज शासन स्तर तक मजबूती से पहुंचाई जाएगी।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमजद खान ने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ पलायन रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि योजना में पारदर्शिता बनाए रखना और मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। श्री खान ने ग्रामीणों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने मनरेगा से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा तथा योजना को प्रभावी ढंग से संचालित करने की मांग की।

जन चौपाल में कांग्रेस जिला अध्यक्ष धर्मेश घई ब्लॉक अध्यक्ष अमजद खान, मुन्ना रमेश प्रजापति, रामाधार चतुर्वेदी लाखन सिंह अमृत लाल पटेल केदार दुबे संदीप चतुर्वेदी विनोद साहू शेख जबरील दुर्गेश पटेल सेवालाल यादव सुरेश मिश्रा फूल चंद कुशवाहा उदय राज शुक्ला सत्यम शुक्ला रहमत भाई राजीव त्रिपाठी लक्ष्मण सोनी नम्मी यादव सतेंद्र सिंह रघुनाथ सिंह सुखबदन सिंह रज्जू चौधरी भरत कुशवाहा राजीव यादव जैकी पटेल, सोमदत्त जी सरपंच पूर्व, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें