अंतरराष्ट्रीय एशियन शूटिंग चैंपियनशिप 50 मीटर में कैमोर के हेमंत बर्मन ने जीता सिल्वर, क्षेत्र में खुशी की लहर।

(कैमोर) विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कैमोर थाना अंतर्गत ग्राम गुड़गढ़ौहा निवासी हेमंत बर्मन ने बारहवीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप अंडर-19 जूनियर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

भारत की मेजबानी में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दिल्ली में संपन्न हुआ, जहां 50 मीटर राइफल शूटिंग स्पर्धा में भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस विजेता टीम का हिस्सा रहे हेमंत बर्मन ने अपने सटीक निशाने और बेहतरीन प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया।

हेमंत बर्मन ग्राम सरपंच सुशीला धीरज बर्मन के नाती हैं। बताया जाता है कि बचपन से ही घर में बंदूकें होने के कारण उन्हें शूटिंग का शौक था। अपने इसी जुनून को लक्ष्य बनाकर उन्होंने निरंतर अभ्यास किया और आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रजत पदक जीतने में सफलता हासिल की।

हेमंत का जन्म कैमोर में हुआ और उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्रमदान स्कूल, कैमोर से प्राप्त की। आठवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद वे आगे की शिक्षा के लिए सिवनी चले गए, जहां उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी।

जैसे ही हेमंत की इस उपलब्धि की खबर कैमोर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। क्षेत्रवासियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और हेमंत के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें