कैमोर आईटीआई के नए भवन, छात्रावास व स्टाफ क्वार्टर के लिए 15.28 करोड़ स्वीकृत
विधायक संजय पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जताया आभार
(कटनी) विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कैमोर नगर में आईटीआई के नए भवन, छात्रावास एवं स्टाफ क्वार्टर निर्माण के लिए शासन स्तर से 15 करोड़ 28 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह स्वीकृति विधायक संजय पाठक के प्रयासों से मिली है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है।
ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगारमुखी कौशल शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से विजयराघवगढ़ विधानसभा के कैमोर नगर में लगभग दो वर्ष पूर्व औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) प्रारंभ किया गया था। वर्तमान में यह आईटीआई अस्थायी रूप से खलवारा बाजार स्थित एक निजी भवन में संचालित हो रहा है। कुछ माह पूर्व विधायक संजय पाठक ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर कैमोर आईटीआई के नए भवन एवं छात्रावास भवन के लिए राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया था।
आज के औद्योगिक विकास के दौर में उद्योगों को प्रशिक्षित और कौशलयुक्त कामगारों की आवश्यकता होती है। इसी सोच के साथ प्रारंभ किए गए इस आईटीआई के लिए अब शासन द्वारा कैमोर में आईटीआई भवन और छात्रावास निर्माण हेतु बजट जारी कर दिया गया है।
विधायक संजय पाठक ने कहा कि विजयराघवगढ़ विधानसभा में विजयराघवगढ़, बरही और कैमोर में तीन आईटीआई संचालित हैं। बरही और विजयराघवगढ़ में नए भवन एवं छात्रावास पहले ही बन चुके हैं, अब कैमोर में भी आईटीआई भवन और छात्रावास बनने से क्षेत्र के युवाओं को 6 विभिन्न ट्रेड्स में प्रशिक्षण मिल सकेगा। छात्रावास बनने से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा और वे बेहतर तरीके से अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे सकेंगे।
उन्होंने बताया कि आईटीआई परिसर में शिक्षकों और स्टाफ के रहने के लिए क्वार्टर भी बनाए जाएंगे, जिससे संस्थान के संचालन में सुविधा होगी और क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
