देश के कृषि मंत्री के क्षेत्र में किसान बेहाल, विज्ञापनों में उन्नति और ज़मीन पर बर्बादी: जीतू पटवारी

विदिशा मंडी पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार को घेरा, 11 से 13 अप्रैल के राष्ट्रीय कृषि मेले में शामिल होकर भाजपा को दिखाएंगे ‘आईना’

(भोपाल) मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र (जीतू) पटवारी विदिशा की कृषि उपज मंडी पहुंचे। यहाँ उन्होंने अपनी उपज बेचने आए किसानों से मुलाकात की और उनकी व्यथा सुनी। श्री पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा किसानों की उन्नति सिर्फ विज्ञापनों और होर्डिंग्स में कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत में किसान ‘खून के आंसू’ रो रहा है।

श्री पटवारी ने कहा, “यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि जिस विदिशा से देश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सांसद हैं, वहीं का किसान आज सबसे ज्यादा मायूस और बेबस है। किसान अपनी मेहनत की फसल लेकर मंडी में खड़ा है, लेकिन सरकार ने अब तक गेहूं की खरीदी शुरू नहीं की है। किसानों को MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) नहीं मिल रहा है और उन्हें मात्र ₹2200 के औने-पौने दाम पर गेहूं बेचने को मजबूर किया जा रहा है।”

श्री पटवारी ने घोषणा की कि वे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित ‘राष्ट्रीय कृषि मेले’* में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार विज्ञापनों के जरिए झूठ परोस रही है। मैं इस मेले में पहुंचकर सरकार को वास्तविकता का आईना दिखाऊंगा कि किसान का पेट भरने वाले अन्नदाता के पेट पर आपकी सरकार लात मार रही है।”

गेहूं खरीदी में देरी और कांग्रेस का अल्टीमेटम
श्री पटवारी ने गेहूं खरीदी में हो रही देरी को ‘प्रशासनिक विफलता’ नहीं बल्कि ‘किसानों के साथ धोखा’ करार दिया।

उन्होंने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि 10 अप्रैल तक का समय है, यदि 10 तारीख तक सुचारू गेहूं खरीदी शुरू नहीं हुई,तो कांग्रेस पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास के बाहर एक दिवसीय उपवास करेंगे और किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए भोपाल से मुख्यमंत्री के क्षेत्र उज्जैन तक विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी।

9 अप्रैल को घेराव: प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव कर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। श्री पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सचेत करते हुए कहा कि यदि किसानों को उनकी फसलों के सही दाम और मान नहीं मिला, तो किसान भाई इस सरकार को चैन से सोने नहीं देंगे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें