नगर निगम कटनी का सामान्य सम्मिलन 15 अप्रैल को, कई अहम प्रस्तावों पर होगी चर्चा
(कटनी) नगर पालिक निगम कटनी का सामान्य सम्मिलन 15 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे निगम सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। सम्मिलन में शहर के विकास, कर निर्धारण, बजट एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।
सम्मिलन की कार्यसूची के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट एवं वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही जलकर से संबंधित अधिभार, संपत्ति कर निर्धारण में संशोधन तथा कर योग्य संपत्तियों के मूल्य में वृद्धि जैसे मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हैं।
बैठक में नगर निगम द्वारा जारी किए जाने वाले ट्रेड लाइसेंस के वार्षिक शुल्क में संशोधन तथा नए व्यवसायों को पोर्टल में शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। वहीं सौर ऊर्जा से जुड़े भवनों को संपत्ति कर में छूट देने के विषय पर भी चर्चा संभावित है।
इसके अलावा वीर सावरकर वार्ड क्रमांक 12 के अनुसूचित वर्ग परिवारों की बस्ती का नाम “संत रविदास नगर” किए जाने का प्रस्ताव भी विचारार्थ प्रस्तुत होगा। सम्मेलन में जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। नगर निगम प्रशासन ने सभी पार्षदों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है।
