प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध-प्रतिमा बागरी
राज्यमंत्री ने किया सोहावल में सवा 5 करोड रूपये की लागत से बनने वाले नवीन जनपद पंचायत भवन के निर्माण का शुभारंभ ग्राम पंचायत रजरवारा और अमिलिया में किया सडकों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन
(सतना) नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी शुक्रवार को रैगांव विधानसभा क्षेत्र के सोहावल विकासखण्ड मुख्यालय पर 5 करोड 25 लाख 67 हजार रूपये की लागत सेे बनने वाले नवीन जनपद पंचायत भवन के निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। राज्यमंत्री ने शुक्रवार को रैगांव क्षेत्र के अपने भ्रमण के दौरान नागौद विकासखण्ड की ग्राम रजरवारा में मुख्य मार्ग से सप्ती माफी की ओर 15.50 लाख रुपये एवं ग्राम अमिलिया में तालाब से देवीजी स्थल तक 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पी.सी.सी. रोड के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया। राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुलभ होता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। राज्यमंत्री ने कहा कि सडकों के माध्यम से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने के साथ ही ग्रामीणों के आवागमन को सरल एवं सुगम बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही कृषि, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुलभ हो सकेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि रैगांव विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन किया जायेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
