मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश

जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाएं लागू करें – मुख्यमंत्री जनता का मन जीतकर अभियानों को सफल बनाएं – मुख्यमंत्री

(मैहर) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को लागू करें। जनता का मन जीतकर जल गंगा संवर्धन अभियान तथा अन्य अभियानों को सफल बनाएं। जल संवर्धन और संरक्षण के कार्यों में प्रदेश को लगातार अग्रणी बनाए रखें। महिलाओं के अधिकारों को लेकर संसद में अत्यंत महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं। नारी सशक्तिकरण के लिए 20 अप्रैल को बड़े आयोजन करके हम सरकार की नारी सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता प्रगट करेंगे। कलेक्टर और एसपी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करके कानून और व्यवस्था की निगरानी करें। असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निगम और मंडलों का पुनर्गठन शीघ्र किया जाएगा। दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नई दूध सहकारी समितियों के गठन तथा पुरानी समितियों के चुनाव पर भी कलेक्टर्स ध्यान दें। प्रदेश भर में गेंहू उपार्जन शुरू हो गया है। हम पहले दो हेक्टेयर तक जमीन वाले छोटे किसानों से उपार्जन कर रहे हैं। इसका जिला स्तर पर भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। खरीदी केन्द्रों का राजस्व तथा उपार्जन से जुड़े विभागों के अधिकारी नियमित निरीक्षण करके सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। किसानों को उपार्जन के तीन दिन की अवधि में भुगतान कराएं। चना, मसूर और सरसों की भी खरीदी की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। मंडियों का भी नियमित रूप से निरीक्षण करके किसानों के लिए उचित प्रबंध कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में कई विभागों में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। कलेक्टर लंबित आवेदन पत्रों के निराकरण के साथ विभागवार विश्लेषण करके विभागीय योजनाओं की मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। गर्मियों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की समुचित व्यवस्था कराएं। नशामुक्त भारत अभियान के तहत एनकोर समिति की हर माह बैठक आयोजित करके नशामुक्ति के प्रयासों को गति दें। जनगणना के लिए 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना का कार्य किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों से स्व-गणना कराकर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं जिससे आमजन भी इसके लिए प्रेरित हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान में प्राप्त सभी आवेदन पत्रों का निराकरण करें। इनमें विभागवार प्राप्त पत्रों का विश्लेषण करके कलेक्टर संबंधित विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करें। कलेक्टर्स जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सभी सांदीपनि स्कूलों के नवीन भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं। जल गंगा संवर्धन अभियान में डिंडौरी, खण्डवा तथा बड़वानी जिले में अच्छा कार्य हो रहा है। देश स्तर की रैंकिंग में डिंडौरी को प्रथम तथा खण्डवा को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। अभियान के शुरूआत में प्रदेश छठवें स्थान पर था जो अच्छे कार्यों से अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय निकायों में शीघ्र ही स्वच्छता रैंकिंग के लिए सर्वेक्षण शुरू हो रहा है। इसमें देश में श्रेष्ठ से श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करें। बैठक में मुख्यमंत्री ने गर्मियों में सार्वजनिक स्थलों में निःशुल्क प्याऊ की व्यवस्था, ज्ञान भारत अभियान के तहत प्राचीन पाण्डुलिपियों को पोर्टल में अपलोड करने तथा गर्मियों में संचारी रोगों एवं लू से बचाव के संबंध में अस्पतालों में समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर कार्यालय सतना के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, डीएफओ मयंक चांदीवाल, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, उपायुक्त नगर निगम सत्यम मिश्रा सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने वीसी के माध्यम से की समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को समत्व भवन भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला कलेक्टर्स के साथ विभिन्न कार्यक्रमों और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी वर्चुअल रूप से मैहर कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी कक्ष से समीक्षा बैठक में शामिल हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान, संकल्प से समाधान अभियान, नारी सशक्तिकरण, पेट्रोलियम पदार्थ की उपलब्धता, पेयजल की स्थिति उपार्जन सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें