टीबी मुक्त भारत अभियान : सीधी में जोश टीम का शुभारंभ, जिला पंचायत सभागार में राष्ट्रीय कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
युवाओं की भागीदारी से टीबी मुक्त भारत का संकल्प होगा साकार: डॉ. राजेश मिश्रा
कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, देव कुमार सिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती बहेलिया, सांसद प्रतिनिधि डॉ. देवेन्द्र त्रिपाठी एवं डॉ. मनोज सिंह, डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनीता तिवारी, जिला क्षय अधिकारी डॉ. हिमेश पाठक सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। टीबी की समय पर पहचान, नियमित उपचार और मरीजों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराने से बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जोश टीम के माध्यम से युवाओं और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त भागीदारी से टीबी के प्रति जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स, माय भारत वॉलिंटियर्स और विद्यार्थियों से टीबी मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, माय भारत वॉलिंटियर्स एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जोश टीम के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स, स्वास्थ्यकर्मी एवं माय भारत वॉलिंटियर्स जिले में टीबी के संभावित मरीजों की पहचान, जनजागरूकता, पोषण सहयोग एवं उपचार से संबंधित गतिविधियों में सहयोग करेंगे।
आयोजन के दौरान टीबी से बचाव, बीमारी के लक्षण, समय पर जांच और नियमित उपचार के संबंध में लोगों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन “हम कर सकते हैं, हम करेंगे—टीबी मुक्त भारत” के संकल्प के साथ हुआ।
