स्कूल में बच्चों का प्रवेश लक्ष्यानुसार शीघ्र पूर्ण करायें – कलेक्टर

शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान की समीक्षा

कटनी  कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षण सत्र 2020-21 के लिये निर्धारित लक्ष्यानुसार छात्र-छात्राओं के प्रवेश की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। गुरुवार को शिक्षा विभाग और सर्व शिक्षा अभियान की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने जिले के हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी के परीक्षा परिणामों की समीक्षा की। उन्होने कहा कि अकादमिक गतिविधियों में अभी से सुधार लाते हुये बेहतर रिजल्ट के लिये प्रयास प्रारंभ करें। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी बी0बी0 दुबे, जिला परियोजना समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान, एपीसी एन0पी0 दुबे, अभय जैन भी उपस्थित थे।

            कलेक्टर श्री सिंह ने माध्यमिक शिक्षा मण्डल की परीक्षाओं के रिजल्ट बेहतर नहीं आने की जानकारी लेते हुये कहा कि शिक्षा की अकादमिक गतिविधियों में सुधार लाकर गतवर्ष की कमियों को अभी से पूरा करने का प्रयास करें। कमजोर छात्र-छात्राओं को विशेष रुप से फोकस कर उन्हें गणित और अंग्रेजी विषय की अतिरिक्त कक्षाओं में अध्ययन करायें। वर्तमान में चल रहे हमारा घर-हमारा विद्यालय कार्यक्रम के तहत शिक्षक छात्रों के घर-घर जाकर पढ़ाने की जिम्मेदारी का निर्वहन करें। जिला और जनपदस्तरीय शिक्षा विभाग से संबंधित अधिकारी अभियान की सतत् रुप से मॉनीटरिंग करायें। कलेक्टर ने कहा कि अन्य जिलों की तुलना में लक्ष्यानुसार विद्यालयों में प्रवेशित छात्र-छात्राओं का प्रतिशत कटनी जिले का कम है। छात्र-छात्राओं के प्रवेश दिलाने के कार्य में तेजी लाकर गतवर्ष प्रवेशित छात्रों की तुलना में 10 प्रतिशत की वृद्धि कर शत्-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करायें।

            कलेक्टर श्री सिंह ने हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी के परिक्षा परिणामों में सुधार लाने अभी से आवश्यक कार्यवाहियां करने पर जोर दिया। शिक्षा विभाग और सर्व शिक्षा अभियान के तहत चल रहे स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्ष निर्माण के कार्य शीघ्रता पूर्वक गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत अभी स्कूल बंद चल रहे हैं और उनमें पठन-पाठन की गतिविधियां नहीं चल रही हैं। इस समय का सदुपयोग करते हुये शाला भवनों के निर्माण और आवश्यकता अनुसार रिपेयरिंग के काम पूरे कर लें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें