एक मास्क-अनेक जिंदगी अभियान आगे भी जारी रहेगा – कलेक्टर

कटनी  राज्य शासन के निर्देशानुसार कोविड-19 के विरुद्ध लड़ाई में आम नागरिकों की जिंदगी संक्रमण से बचाने के लिये एक अगस्त से 15 अगस्त तक एक मास्क-अनेक जिंदगी जन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत नगर निगम कटनी द्वारा शहर के जरुरतमंदों को निःशुल्क मास्क उपलब्ध कराये जा रहे हैं। ताकि उनका जीवन इस वैश्विक महामारी से बचा रहे । कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने गुरुवार को नगर निगम, बैंक के अधिकारियों तथा शहरी क्षेत्र और आजीविका मिशन की मास्क तैयार करने में संलग्न महिलाओं की बैठक लेकर उन्हें प्रोत्साहित किया। इस मौके पर प्रभारी आयुक्त अशफाक परेवज कुरैशी, आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक शबाना बेगम, एलडीएम एवं अन्य बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

            कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण के खतरे को देखते हुये इससे बचाव का सर्वप्रथम और अचूक साधन मास्क पहनना है। शासन द्वारा एक मास्क-अनेक जिंदगी अभियान में जनजागरुकता के लिये संचालित है। उन्होने कहा कि यह अभियान कोरोना के विरुद्ध लड़ाई के रुप में 15 अगस्त के बाद भी जारी रहेगा, जब तक कोरोना संक्रमण जड़मूल से नष्ट नहीं हो जाता। उन्होन मास्क तैयार करने के कार्य में जुटी महिलाओं और आजीविका मिशन की स्वसहायता समूहों से चर्चा के दौरान कहा कि राज्य शासन द्वारा जीवन शक्ति योजना के तहत शहरी क्षेत्रों की महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्र की स्वसहायता समूहों की महिलाओं को मास्क तैयार करने के कार्य से आजीविका प्रदान की है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि भीड़भाड़ वाली संस्थाओं और बैंकों में आने जाने वाले गैरमास्क लगाये व्यक्तियों और यहां कार्यरत स्टाफ को निर्देशित करें कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिये मास्क धारण करें। बैंकों और संस्थानों में आवश्यकता अनुसार मास्क शहरी आजीविका मिशन के मास्क बैंक से क्रय किये जा सकते हैं। साधना स्वसहायता समूह केवलारी की अध्यक्ष ने बताया कि उनके समूह में11 महिला सदस्य हैं जिन्हें मास्क बनाने का प्रशिक्षण और नमूने उपलब्ध कराये गये हैं। प्रति महिला सदस्य एक दिन में 50 मास्क आसानी से तैयार करती हैं। अब तक समूह द्वारा साढ़े दस हजार मास्क तैयार कर ग्राम पंचायतों को दिये जा चुके हैं। इससे कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में समूह ने यथासंभव योगदान दिया है। साथ ही मास्क तैयार करने के कार्य में स्वसहायता समूहों को आजीविका और स्थानीय रोजगार के अवसर प्राप्त हुये हैं।

            प्रभारी आयुक्त नगर निगम अशफाक परवेज कुरैशी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में 77 महिलाओं द्वारा जीवन शक्ति योजना के तहत 6500 मास्क तैयार कर अब तक वितरित किये जा चुके हैं। योजना अन्तर्गत तैयार किये गये मास्क और स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार मास्क के विक्रय के लिये बस स्टेण्ड स्थित आजीविका सेन्टर में मास्क बैंक भी बनाया गया है। जहां से संस्थायें अथवा कोई भी व्यक्ति अपनी आवश्यकता अनुसार मास्क क्रय कर सकते हैं। इस मौके पर शहर की विभिन्न बैंक संस्थाओं द्वारा लगभग ढ़ाई हजार मास्क की आवश्यकता अनुसार क्रयादेश भी स्वसहायता समूहों की महिलाओं को दिये गये। प्रभारी आयुक्त नगग निगम ने बताया कि एक मास्क अनेक जिंदगी अभियान के तहत शहरी आजीविका केन्द्र में स्थापित किये गये मास्क बैंक में 15 समाजसेवी और आम लोगों ने भी 935 मास्क दान किये हैं। जिनमें 650 मास्क का वितरण जरुरतमंदों को निःशुल्क रुप से किया गया है।

15 अगस्त तक पथ विक्रेता स्वनिधि योजना के अधिकतम प्रकरण स्वीकृत करें

            कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने नगर निगम और बैंकों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में आत्मनिर्भर भारत पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होने कहा कि नगर निगम और बैंक के अधिकारी परस्पर समन्वय के साथ उनकी शाखाओं में पथ विक्रेताओं के भेजे गये आवेदनों में योजना अन्तर्गत 15 अगस्त तक ऋण स्वीकृति की अधिकतम कार्यवाहियां पूर्ण कर लें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें