जनगणना कार्य में “स्मार्ट वर्किंग” अपनाएं,डेटा हो शत-प्रतिशत त्रुटिरहित-कलेक्टर श्री तिवारी
(कटनी) विजयराघवगढ़ और बरही क्षेत्र के औचक भ्रमण पर पहुंचे कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को “स्मार्ट वर्किंग” का मंत्र देते हुए शत-प्रतिशत त्रुटिरहित डेटा संकलन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर तथा एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता भी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने देवराकला बाजार पहुंचकर जनगणना प्रगणकों दुलीचंद पाल, कमलेश बर्मन और जितेन्द्र बड़गैया से अब तक किए गए मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी घर, परिवार या व्यक्ति गणना से वंचित न रहे तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से सभी जानकारियां पूरी सटीकता के साथ दर्ज की जाएं।
उन्होंने पर्यवेक्षकों को भी नियमित फील्ड मॉनिटरिंग कर कार्य की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि डेटा की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।कलेक्टर ने स्वयं मोबाइल ऐप पर भरी जानकारी देवराकला में रामबहोरी कुशवाह के मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक अर्चना गौतम द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने स्वयं मोबाइल ऐप में सवाल पूछकर 34 बिंदुओं की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों को ऐप आधारित कार्य प्रणाली को बेहतर ढंग से अपनाने और प्रत्येक प्रविष्टि को सावधानीपूर्वक भरने की सीख दी। कलेक्टर श्री तिवारी ने विजयराघवगढ़ में भी प्रगणकों से चर्चा कर समय-सीमा में त्रुटिरहित मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 01 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जा रहा है। प्रगणक घर-घर पहुंचकर मोबाइल एप “Census 2027-HLO” के माध्यम से निर्धारित 34 बिंदुओं की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज कर रहे हैं।
