नर्मदा जयंती के अवसर पर होगा अमरकंटक नर्मदा महोत्सव का आयोजन

Advertisement

नर्मदा जयंती के अवसर पर होगा अमरकंटक नर्मदा महोत्सव का आयोजन

31 जनवरी से 2 फ़रवरी के बीच आयोजित महोत्सव में होंगी विविध सांस्कृतिक गतिविधियाँ

एडवेंचर पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु ज़िला पुरातत्व एवं पर्यटन परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय

अनूपपुर 22 अक्टूबर 2019

अमरकंटक को राष्ट्रीय स्तर की छवि दिलाने एवं स्थानीय जनो को रोज़गार के अवसर दिलाने के उद्देश्य से नर्मदा जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय “अमरकंटक नर्मदा महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। अमरकंटक सर्किट हाउस में कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित ज़िला पुरातत्व एवं पर्यटन संवर्धन बोर्ड की बैठक में महोत्सव के आयोजन रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं के सम्बंध में चर्चा की गयी। बैठक में पुलिस अधीक्षक किरणलता केरकेट्टा, मुख्यकार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत सरोधन सिंह, एसडीएम पुष्पराजगढ़ ऋषि सिंघई, नोडल ऑफ़िसर पर्यटन परिषद मंजूषा शर्मा समेत ज़िला पुरातत्व एवं पर्यटन परिषद के सदस्य, नर्मदा मंदिर ट्रस्ट के सदस्य, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड के प्रतिनिधि, आश्रम संचालक एवं क्षेत्र में संचालित औद्योगिक इकाइयों एसईसीएल, मोजर बेयर, ओपीएम, सोडा फ़ैक्टरी एवं रिलायंस के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने कहा अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन को वृहद रूप देने के लिए जन सहभागिता महत्वपूर्ण हैं। धार्मिक आयोजनो के साथ अमरकंटक के प्राकृतिक सौंदर्य का विधिवत रूप से प्रदर्शन किया जाकर अमरकंटक की पर्यटन क्षमता को इस कार्यक्रम के माध्यम से सँवर्धित किया जाएगा।इस तीन दिवसीय महोत्सव में नर्मदा पूजन, कन्या भोजन, शोभा यात्रा, महाआरती के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में क्षेत्रीय कला के प्रोत्साहन के साथ विश्वविख्यात कलाकार भी आमंत्रित किए जाएँगे। महोत्सव में हर आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करने हेतु विविध आयोजनो के सम्बंध में बैठक में विस्तार से चर्चा की गयी। युवाओं के लिए क्विज़ प्रतियोगिता, नाट्य प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता, कहानी लेखन, फ़ोटोग्राफ़ी कॉंटेस्ट, लघु फ़िल्म कॉंटेस्ट का आयोजन किया जाने पर सहमति बनी। इसके साथ एडवेंचर टुरिस्ट हेतु ट्रैकिंग रूट डेवलप किए जाएँगे जो कि इस तीन दिवसीय इवेंट का हिस्सा रहेंगे। इसके साथ ही नर्मदा थीम पर आधारित साउंड एंड लाइट शो के आयोजन पर भी सहमति बनी।

बैठक में शहर की साफ़ सफ़ाई, आवागमन की सुचारू व्यवस्था एवं आवास व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गयी। कार्यक्रम के दौरान ज़ीरो प्लास्टिक वेस्ट पर भी ज़ोर दिया जाएगा। विधिवत आयोजन हेतु कार्यक्रम हेतु पृथक से वेबसाइट बनायी जाएगी जिसमें आयोजन की विधिवत जानकारी के साथ विभिन्न आयोजनो एवं प्रतियोगिताओं हेतु पंजीयन की सुविधा के साथ आवागमन एवं रुकने के स्थलों की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। अमरकंटक के विभिन्न स्थलों की जानकारी एवं पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व को सम्बंधित स्थलों एवं शहर के विविध स्थलों में प्रदर्शित किया जाएगा। आमजनो को आकर्षित करने हेतु विभिन्न स्थलों में सेल्फ़ी पोईंट डेवलप किए जाएँगे।

कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के सफल आयोजन हेतु आमजनो एवं समाजसेवियों से आगे बढ़कर प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है। अमरकंटक क्षेत्र की विशेषता को विधिवत रूप से शोकेस कर इसे सदाबहार पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु प्रायोजित इस महोत्सव से स्थानीय जनो की आजीविका का संवर्धन इस आयोजन का प्रेरक है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें