म.प्र. कांग्रेस असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन संपन्न

Advertisement

असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस मजदूरों को उनका हक दिलाने और कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा : रणजीत सिंह शक्तावत

(भोपाल) मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस विभाग का एक दिवसीय प्रदेशस्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेश भर से आए विभाग के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सम्मेलन में अखिल भारतीय असंगठित कर्मचारी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद उदित राज, मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में असंगठित कामगारों, मजदूरों एवं कर्मचारियों की समस्याओं तथा भाजपा सरकार में इन वर्गों के सामने उत्पन्न चुनौतियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए।

भाजपा राज में असंगठित श्रमिकों का शोषण चरम पर : उदित राज
सम्मेलन को संबोधित करते हुए ने श्री उदित राज ने कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारें लगातार मजदूर, कर्मचारी और असंगठित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी कर रही हैं। भाजपा राज में असंगठित श्रमिकों का शोषण चरम पर है। कांग्रेस पार्टी हमेशा श्रमिकों और कमजोर वर्गों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।

भाजपा सरकार मजदूर विरोधी, कांग्रेस श्रमिक वर्ग से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी : उमंग सिंघार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और श्रमिकों के शोषण की स्थिति लगातार बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार मजदूर विरोधी है, कांग्रेस पार्टी आमजन, मजदूर और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत है। मजदूर और मजबूर लोगों के प्रति सरकार असंवेदनशील है। कांग्रेस पार्टी इन वर्गों की लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है और कंधे से कंधा मिलाकर इन वर्गों के साथ चल रही है। कांग्रेस श्रमिक वर्ग से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी ।

भाजपा राज में मजदूर और श्रमिक वर्ग परेशान है : अजय सिंह राहुल
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने असंगठित कामगार कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राज में मजदूर और श्रमिक वर्ग परेशान है , उन्होंने असंगठित कामगार कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और मजदूर वर्ग की समस्याओं को उठाने एवं जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।

विभाग के प्रदेश अध्यक्ष रणजीत सिंह शक्तावत ने जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को मजबूती देने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना मेरी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही मजदूरों, किसानों और कर्मचारियों के हितों की सच्ची संरक्षक है। असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस मजदूरों को उनका हक दिलाने और कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र जोशी तथा मध्य प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं समस्त विभागों और प्रकोष्ठों के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह चौहान ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।

सम्मेलन के बाद उदित राज जी प्रेस वार्ता को संबोधित कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और प्रदेश प्रवक्ता रवि वर्मा राहुल भी मौजूद थे।

कार्यक्रम में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्षगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विभाग के पदाधिकारी दिग्विजय सिंह आमलीखेड़ा ने किया तथा उपस्थितजनों का आभार भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेशनंद मेहर ने व्यक्त किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें