इंदौर में पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन
भाजपा सरकार जनता को पानी तक उपलब्ध कराने में विफल — जीतू पटवारी
इंदौर। इंदौर शहर में लगातार गहराते पेयजल संकट और आम जनता को हो रही भारी परेशानी के विरोध में इंदौर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की विफलता के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए शहरवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि इंदौर में भाजपा के दो कैबिनेट मंत्री, नौ विधायक, एक सांसद और एक महापौर होने के बावजूद जनता को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल प्रचार और आयोजनों में व्यस्त है, जबकि आम नागरिक बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जल संकट जैसी मूलभूत समस्या के समाधान में पूरी तरह असफल साबित हुई है। कांग्रेस जनता के अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, आईसीसी सचिव सत्यनारायण पटेल, इंदौर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, इंदौर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इंदौर की जनता को शीघ्र नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया, तो कांग्रेस आने वाले समय में और बड़ा जनआंदोलन करेगी।

