अवैध रेत भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

अवैध रूप से भंडारित लगभग 5600 घन मीटर रेत जब्त

(ग्वालियर) ग्वालियर जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने डबरा तहसील के ग्राम गजापुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न सर्वे क्रमांकों पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 5600 घन मीटर रेत जब्त की। प्रभारी खनिज अधिकारी श्री घनश्याम यादव ने बताया कि इसके साथ ही जिले में बिना रॉयल्टी के अवैध खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।

आई-चेक गेट के माध्यम से 11 वाहनों के खिलाफ मध्यप्रदेश अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण नियम 2022 के तहत ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की गई। संबंधित वाहन चालकों को नोटिस जारी करते हुए कुल 17 लाख 73 हजार 900 रुपये जुर्माने की कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें