पेयजल समस्‍या का प्राथमिकता से करें समाधान-कलेक्‍टर श्री सिंह

(जबलपुर) कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने कहा कि गर्मियों के मौसम में आम जनता को पेयजल की समस्‍या न हो और सभी को शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण पानी मिले, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। उन्‍होंने कहा कि नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारू पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिये हैं। साथ ही उन्‍होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पानी से जुड़ी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाना सुनिश्चित करें।

सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं शिकायत कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने कहा कि चाहे नगरीय क्षेत्र हो या ग्रामीण, पेयजल से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए नागरिक सीएम हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इन शिकायतों को उच्‍च प्राथमिकता पर रखा जाएगा। उन्‍होंने कहा कि हमारा प्रयास यह है कि शिकायत दर्ज होने के अगले ही दिन प्रशासन का जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर पहुंचे और समस्या का समाधान करें। हर हाल में तीन दिन के भीतर शिकायत का पूरी तरह निपटारा अत्‍यंत आवश्‍यक है।

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की सुचारू व्यवस्था और निगरानी के लिए पीएचई विभाग के माध्यम से एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र के निवासी 0761-3500180 पर फोन करके अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन इस नंबर पर आने वाली समस्याओं को भी तीन दिवस के भीतर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अखबारों की खबरों और शिकायतों की रोज होगी समीक्षा कलेक्टर ने बताया कि मुख्य सचिव के निर्देशानुसार अब पेयजल व्यवस्था की मॉनिटरिंग और सख्‍त कर दी गई है। सीएम हेल्पलाइन और पीएचई के नंबर पर आने वाली शिकायतों के साथ-साथ समाचार पत्रों में छपने वाली पानी की समस्‍या से जुड़ी खबरों की भी प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों की हर छोटी-बड़ी समस्या पर नज़र रखकर व्यवस्थित कार्य योजना के तहत काम किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने आम जनता से भी अपील की है कि वे पेयजल से जुड़ी किसी भी समस्या से प्रशासन को तुरंत अवगत कराएं, ताकि समय रहते उसका सफलतापूर्वक समाधान किया जा सके।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें