35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिश्नर प्रशिक्षण का समापन, 26 प्रशिक्षणार्थियों को मिला स्वरोजगार का मार्ग
(सीधी) यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सीधी में संचालित 35 दिवसीय “जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिश्नर लघु उद्यमी” प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया एवं भारत सरकार के संयुक्त उपक्रम आरसेटी द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में 26 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लेकर स्वरोजगार से जुड़ी व्यावसायिक दक्षताओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन अवसर पर आरसेटी निदेशक श्री शिवेन्द्र कुमार चौधरी ने प्रशिक्षणार्थियों को आत्मनिर्भर बनने एवं स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी मजबूत बना रहा है। उन्होंने बैंकों के माध्यम से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में रीवा से आए असेसर श्री पियूष त्रिवेदी एवं श्रीमती बकरीददुन निशा ने प्रशिक्षणार्थियों के कौशल का मूल्यांकन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर संकाय सदस्य श्रीमती रेनू सिंह, श्री संतोष कुमार साहू, श्रीमती रानी साकेत सहित आरसेटी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
आरसेटी सीधी द्वारा आगामी समय में पापड़, अचार एवं मसाला निर्माण, जूट बैग निर्माण, ब्यूटी पार्लर, इलेक्ट्रिशियन, मोबाइल रिपेयरिंग तथा कंप्यूटर अकाउंटिंग जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
संस्थान ने 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के जरूरतमंद बेरोजगार महिला एवं पुरुषों से प्रशिक्षण हेतु आवेदन करने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9685434071 एवं 9685450688 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षणार्थियों के लिए भोजन एवं आवासीय सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
