सिकल सेल उन्मूलन में तेजी लाने के निर्देश, राज्यपाल मंगुभाई पटेल बोले- लक्ष्य पूरा होने तक नहीं रुकेंगे प्रयास
हर मंगलवार आंगनवाड़ी केंद्रों पर दी जाएगी सिकल सेल की जानकारी, विश्व सिकल सेल दिवस को लेकर विशेष तैयारी
भोपाल। राज्यपाल Mangubhai Patel ने सिकल सेल उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा है कि जब तक सिकल सेल रोग के उन्मूलन का लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक प्रयासों में किसी प्रकार की कमी नहीं आनी चाहिए।
लोक भवन में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान राज्यपाल ने कहा कि 19 जून को मनाए जाने वाले विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में जागरूकता, स्क्रीनिंग, उपचार और दवा वितरण गतिविधियों को विशेष अभियान के रूप में संचालित किया जाए।
हर मंगलवार आंगनवाड़ी केंद्रों पर चलेगा जागरूकता अभियान
राज्यपाल श्री पटेल ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रत्येक मंगलवार को माता और बच्चों को सिकल सेल एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार संबंधी जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से जनजातीय बहुल क्षेत्रों में सिकल सेल रोग की पहचान, उपचार और नियमित निगरानी पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य और आयुष विभाग की समीक्षा
बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेवार स्क्रीनिंग, सिकल सेल कार्ड वितरण और दवा उपलब्धता की जानकारी प्रस्तुत की गई। वहीं आयुष विभाग ने रोगियों को दिए जा रहे उपचार, परामर्श और नियमित फॉलोअप की जानकारी साझा की।
राज्यपाल ने आयुष विभाग को निर्देश दिए कि उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों से नियमित फीडबैक भी लिया जाए, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जा सके।
मध्यप्रदेश सिकल सेल उन्मूलन में अग्रणी
राज्यपाल ने कहा कि मध्यप्रदेश सिकल सेल उन्मूलन के राष्ट्रीय प्रयासों में अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने स्वास्थ्य और आयुष विभाग के अधिकारियों तथा मैदानी अमले द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।
बैठक में उप मुख्यमंत्री Rajendra Shukla, आयुष मंत्री Inder Singh Parmar सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
