विश्व पर्यावरण दिवस पर स्काउट-गाइड्स ने चलाया स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान
(कटनी) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला कमिश्नर स्काउट श्री राजेश अग्रहरी के सफल मार्गदर्शन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ कटनी द्वारा जागृति पार्क में पर्यावरण संरक्षण समिति एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से क्लैप 3.0 (क्लाइमेट लीडर्स एक्शन प्लान) के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस वर्ष का कार्यक्रम “इन्सपायर्ड बाई नेचर, फॉर क्लाइमेट, फॉर फ्यूचर” थीम पर आधारित रहा, जिसका उद्देश्य प्रकृति से प्रेरणा लेते हुए जलवायु संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता एवं सतत भविष्य के निर्माण का संदेश देना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, डॉ. उमा निगम, प्राचार्य गर्ल्स कॉलेज कटनी श्रीमती चित्रा प्रभात, पर्यावरण संरक्षण समिति सचिव श्री निरंजन पंजवानी, जाकिर हुसैन, डॉ. राजेन्द्र गुप्ता, लक्ष्मीकांत, कपूर सोनी एवं जागृति संस्था तथा अन्य संस्थाओं के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से श्री ललित कुमार मिश्रा ए.एस.ओ.सी., जबलपुर संभाग एवं राज्य सहायक समन्वयक, क्लैप परियोजना की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही स्काउट-गाइड्स एवं सामुदायिक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में कुल 100 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिनमें 30 स्काउट-गाइड सदस्य एवं 70 सामुदायिक सदस्य शामिल रहे। साथ ही लगभग 1500 लोगों तक अप्रत्यक्ष रूप से पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुँचाया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने वृक्षारोपण अभियान चलाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया तथा स्वच्छता अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। साथ ही संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें स्काउट-गाइड्स द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु अपने विचार व्यक्त किए गए। स्काउट-गाइड्स के विचारों को उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा सराहा गया।
सभी अतिथियों ने स्काउट-गाइड्स को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया। “प्रकृति की रक्षा ही भविष्य की सुरक्षा है” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति श्री निरंजन पंजवानी द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
