कलेक्टर के क्षेत्र भ्रमण में मिली शिकायतों के बाद पटवारी निलंबित

(सीधी) कलेक्टर विकास मिश्रा के राजस्व निरीक्षक मंडल खड्डी के क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों द्वारा प्राप्त शिकायतों एवं जांच प्रतिवेदन के आधार पर खड्डी खुर्द एवं खड्डी कला हल्के के पटवारी बृजेश कुमार प्रजापति को निलंबित कर दिया गया है।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब तथा कार्य के लिए अवैध राशि की मांग किए जाने संबंधी शिकायतें की थीं। कलेक्टर के निर्देश पर कराई गई जांच में कई राजस्व प्रकरण लंबे समय से लंबित पाए गए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में शिथिलता तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना की भी पुष्टि हुई।

नायब तहसीलदार हनुमानगढ़ द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के परीक्षण के उपरांत शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर उपखंड अधिकारी (राजस्व) रामपुर नैकिन विकास आनंद ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत पटवारी बृजेश कुमार प्रजापति को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय रामपुर नैकिन निर्धारित किया गया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें