मध्यप्रदेश पुलिस की संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई
विगत चार दिनों में 3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चोरी एवं ठगी गई संपत्ति बरामद
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम, अपराधियों की गिरफ्तारी तथा चोरी, ठगी एवं नकबजनी की घटनाओं के त्वरित निराकरण के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत चार दिनों के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित विशेष अभियानों, तकनीकी विश्लेषण एवं सघन विवेचना के माध्यम से पुलिस ने 3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चोरी एवं ठगी गई संपत्ति बरामद करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ग्वालियर
जिले में कोतवाली पुलिस ने हॉलमार्क कराने के नाम पर ग्राहकों का सोना लेकर फरार हुए ज्वेलर्स संचालक एवं उसके साथी को मेरठ से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य के 931 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए।
वहीं डबरा सिटी पुलिस ने मात्र 24 घंटे में एक फर्जी लूटकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 49 लाख 50हजार रुपये मूल्य के जेवरात, नगदी एवं मोटरसाइकिल बरामद की।
इसी प्रकार महाराजपुरा पुलिस ने वर्ष 2023 में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर लगभग 8 लाख रुपये मूल्य की लायसेंसी रिवॉल्वर, जेवरात एवं अन्य सामग्री बरामद की।
मुरैना
जिले में देवगढ़ थाना पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से लगभग 55 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी गई संपत्ति, राइफल, कारतूस, नगदी, जेवरात एवं घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए। आरोपियों पर 32हजार 500 रुपये का इनाम घोषित था।
जबलपुर
जिले के गोहलपुर थाना पुलिस ने नकबजनी की घटना का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
देवास
पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत सूने मकानों में चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 12 लाख 50 हजार रुपये की सम्पूर्ण चोरी गई संपत्ति, वाहन एवं मोबाइल फोन बरामद किए।
भोपाल
जिले के टीटी नगर थाना पुलिस ने नकबजनी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए लगभग 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनमें हार, चूड़ियां, अंगूठी, मंगलसूत्र एवं पाजेब शामिल हैं।
इंदौर
भंवरकुआ थाना पुलिस ने खंडवा नाका स्थित एक पान दुकान में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर एक आरोपी एवं एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की तथा लगभग 4 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की।
प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक, तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, साइबर इनपुट एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इन सफलताओं से अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध इसी प्रकार प्रभावी, कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
